छठ पर घर जाने वाले यात्रियों के लिए रेलवे ने बढ़ाई विशेष ट्रेनों की संख्या

WhatsApp Channel Join Now
छठ पर घर जाने वाले यात्रियों के लिए रेलवे ने बढ़ाई विशेष ट्रेनों की संख्या


-दिल्ली के प्रमुख स्टेशनों से बुधवार को 31 और गुरुवार को चलेंगी 29 विशेष रेलगाड़ियां

नई दिल्ली, 11 नवंबर (हि.स.)। छठ महापर्व पर घर जाने वाले यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे ने दिल्ली क्षेत्र के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर व्यापक इंतजाम किए हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष रेलगाड़ियों का संचालन बढ़ाया गया है।

बुधवार को दिल्ली क्षेत्र से कुल 31 विशेष रेलगाड़ियां चलाई जाएंगी, जबकि गुरुवार को 29 विशेष रेलगाड़ियों के संचालन का कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। इसके अतिरिक्त यात्रियों की भीड़ और मांग के अनुसार अल्प सूचना पर अनारक्षित विशेष रेलगाड़ियां भी चलाई जाएंगी।

उत्तर रेलवे के अनुसार, बुधवार को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से 10, आनंद विहार टर्मिनल से आठ, शकूरबस्ती से सात, हजरत निजामुद्दीन से चार, दिल्ली जंक्शन से एक और रोहतक से एक विशेष रेलगाड़ी रवाना होगी।

इसी तरह, 12 नवंबर को दिल्ली क्षेत्र से चलने वाली 29 विशेष रेलगाड़ियों में नई दिल्ली से सात, आनंद विहार टर्मिनल से सात, शकूरबस्ती से पांच, हजरत निजामुद्दीन से पांच, दिल्ली जंक्शन से तीन, रोहतक से एक और दिल्ली सराय रोहिल्ला से एक रेलगाड़ी शामिल है।

रेलवे ने बताया कि मंगलवार, 10 नवंबर को भी प्रमुख स्टेशनों पर यात्रियों की भीड़ की निगरानी के बाद पहले से निर्धारित 27 विशेष रेलगाड़ियों के अतिरिक्त अल्प सूचना पर तीन अनारक्षित विशेष रेलगाड़ियां चलाई गईं।

उत्तर रेलवे के अधिकारी बुधवार को भी दिल्ली क्षेत्र के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की आवाजाही और भीड़ की लगातार निगरानी कर रहे हैं। जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त विशेष रेलगाड़ियां चलाने की व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए मंडल रेल प्रबंधक, अपर मंडल रेल प्रबंधक सहित रेलवे मुख्यालय और मंडल के वरिष्ठ अधिकारी स्टेशनों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं और भीड़ की स्थिति का जायजा ले रहे हैं।----------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775157 Articles

Share this story