(लीड) प्रधानमंत्री ने नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के प्रथम चरण का उद्घाटन किया, एमआरओ सुविधा का भी शिलान्यास

WhatsApp Channel Join Now
(लीड) प्रधानमंत्री ने नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के प्रथम चरण का उद्घाटन किया, एमआरओ सुविधा का भी शिलान्यास


नोएडा, 28 मार्च (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर जिले के जेवर में नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (जेवर एयरपोर्ट) के प्रथम चरण का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने विमान रखरखाव, मरम्मत और ओवरहॉल (एमआरओ) सुविधा का भी शिलान्यास किया।

इस अवसर पर जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि यह परियोजना केवल एक एयरपोर्ट नहीं, बल्कि देश के युवाओं के भविष्य को नई उड़ान देने वाला प्रयास है। विकसित भारत के संकल्प के तहत आज एक नए अध्याय की शुरुआत हो रही है और उत्तर प्रदेश अब देश के उन राज्यों में शामिल हो गया है जहां सबसे अधिक अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे विकसित हो रहे हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्हें इस परियोजना का शिलान्यास और उद्घाटन दोनों करने का अवसर मिला, जो उनके लिए विशेष गौरव का विषय है। उन्होंने इसे जनता को समर्पित करते हुए कहा कि यह एयरपोर्ट पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विकास का नया इंजन बनेगा और आगरा, मथुरा, अलीगढ़, गाजियाबाद, मेरठ, बुलंदशहर सहित पूरे क्षेत्र को इसका लाभ मिलेगा।

उन्होंने कहा कि यह एयरपोर्ट किसानों, लघु एवं मध्यम उद्योगों और युवाओं के लिए नए अवसर लेकर आएगा। यहां से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के साथ-साथ क्षेत्रीय उत्पादों को वैश्विक बाजार तक पहुंचाने में भी मदद मिलेगी। यह परियोजना “विकसित उत्तर प्रदेश” की उड़ान का प्रतीक बनेगी।

प्रधानमंत्री ने कहा कि पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण कई देशों में खाद्य सामग्री, पेट्रोल-डीजल और गैस जैसी आवश्यक वस्तुओं का संकट उत्पन्न हुआ है। भारत भी इस क्षेत्र से बड़ी मात्रा में कच्चा तेल आयात करता है, लेकिन सरकार इस चुनौती से निपटने के लिए हर संभव कदम उठा रही है ताकि आम नागरिकों और किसानों पर अतिरिक्त बोझ न पड़े।

उन्होंने कहा कि संकट के बावजूद भारत की विकास गति बरकरार है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि हाल के सप्ताहों में इस क्षेत्र में कई बड़े प्रोजेक्ट शुरू या पूर्ण हुए हैं, जिनमें नोएडा में सेमीकंडक्टर फैक्ट्ररी का शिलान्यास, दिल्ली-मेरठ नमो भारत रेल की प्रगति और मेरठ मेट्रो का विस्तार शामिल है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि जेवर एयरपोर्ट “डबल इंजन सरकार” की कार्य संस्कृति का उदाहरण है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्ष 2003 में स्वीकृति मिलने के बावजूद पूर्ववर्ती सरकारों ने इस परियोजना को वर्षों तक लंबित रखा। केंद्र और राज्य में भाजपा सरकार बनने के बाद ही इस परियोजना को गति मिली और आज यह साकार हो पाया है। उन्होंने क्षेत्र में विकसित हो रहे फ्रेट कॉरिडोर का भी उल्लेख किया और कहा कि इससे उत्तर भारत की समुद्री बंदरगाहों से कनेक्टिविटी बेहतर हुई है। दादरी जैसे जंक्शन के माध्यम से कृषि और औद्योगिक उत्पाद अब तेजी से देश और दुनिया तक पहुंच सकेंगे।

प्रधानमंत्री ने किसानों का विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी जमीन के योगदान से यह परियोजना संभव हो पाई है। आधुनिक कनेक्टिविटी के विस्तार से फूड प्रोसेसिंग उद्योग को भी बढ़ावा मिलेगा और कृषि उत्पादों को वैश्विक बाजार में बेहतर कीमत मिलेगी। एथेनॉल उत्पादन का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इससे देश की कच्चे तेल पर निर्भरता कम हुई है और किसानों को आर्थिक लाभ हुआ है। एथेनॉल मिश्रण के कारण देश को भारी मात्रा में विदेशी मुद्रा की बचत हुई है और यह राशि किसानों तक पहुंची है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 से पहले देश में केवल 74 हवाई अड्डे थे, जो अब बढ़कर 160 से अधिक हो गए हैं। उड़ान योजना के तहत आम नागरिकों के लिए हवाई यात्रा सुलभ बनी है और अब तक करोड़ों लोग इसका लाभ उठा चुके हैं। सरकार ने इस योजना के विस्तार के लिए हजारों करोड़ रुपये की स्वीकृति भी दी है।

उन्होंने एमआरओ सुविधा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि अभी भारत के अधिकांश विमान रखरखाव के लिए विदेश भेजे जाते हैं, लेकिन जेवर में विकसित होने वाली यह सुविधा देश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में बड़ा कदम साबित होगी। इससे रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे और विदेशी मुद्रा की बचत होगी।

प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य नागरिकों को बेहतर सुविधा देना, समय की बचत करना और यात्रा को सस्ता बनाना है। उन्होंने मेट्रो, नमो भारत ट्रेन, एक्सप्रेसवे और रेलवे विद्युतीकरण जैसे कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि देश में आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर का तेजी से विस्तार हो रहा है।

अपने संबोधन के अंत में प्रधानमंत्री ने सभी राजनीतिक दलों से अपील की कि वैश्विक संकट के समय देशहित को सर्वोपरि रखें और एकजुट होकर चुनौतियों का सामना करें। उन्होंने कहा कि 140 करोड़ भारतीयों की एकता और परिश्रम ही देश की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने उत्तर प्रदेश की जनता को इस एयरपोर्ट के लिए बधाई देते हुए विश्वास जताया कि यह परियोजना राज्य और देश के विकास को नई दिशा देगी।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story