देश में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति लगभग 70 फीसदी तक बहाल
नई दिल्ली, 04 मई (हि.स)। सरकार ने सोमवार को कहा कि देश में एलपीजी वितरकों के पास घरेलू रसोई गैस (एलपीजी) की कोई कमी नहीं हुई है। कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों की सप्लाई लगभग 70 फीसदी तक बहाल हो गई है।
पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने नई दिल्ली में आयोजित अंतर-मंत्रालयी प्रेस वार्ता में बताया कि अप्रैल महीने में 2.15 लाख टन से ज्यादा कमर्शियल एलपीजी बेची गई है। ऑटो एलपीजी की बिक्री अब तक लगभग 11,100 टन तक पहुंच गई है। इस महीने के दौरान 23 लाख से ज्यादा 5 किलोग्राम वाले सिलेंडर बेचे गए हैं। इसके साथ ही 3 अप्रैल से अब तक 10,000 से ज्यादा जागरूकता शिविर आयोजित किए गए हैं।
विदेश मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव (खाड़ी), असीम आर. महाजन ने बताया कि विदेश मंत्रालय पश्चिम एशिया क्षेत्र के खाड़ी इलाके में हो रहे घटनाक्रमों पर लगातार करीब से नज़र रखे हुए है। उन्होंने कहा कि हमारे प्रयास इस क्षेत्र में रहने वाले भारतीय समुदाय की सुरक्षा और कल्याण सुनिश्चित करने पर केंद्रित हैं। महाजन ने बताया कि जानकारी साझा करने और अपने प्रयासों में तालमेल बिठाने के लिए हम राज्य सरकारों और केंद्र शासित प्रदेशों के साथ लगातार संपर्क में हैं।
असीम आर. महाजन ने कहा कि मंत्रालय में एक विशेष कंट्रोल रूम बनाया गया है, जो भारतीय नागरिकों और उनके परिवारों के सवालों का जवाब देने के लिए काम कर रहा है। उन्होंने बताया कि उड़ानों की कुल स्थिति में लगातार सुधार हो रहा है, और इस क्षेत्र से भारत के अलग-अलग शहरों के लिए अतिरिक्त उड़ानें संचालित की जा रही हैं। संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) का हवाई क्षेत्र खुला हुआ है। उन्होंने कहा कि भारतीय और संयुक्त अरब अमीरात की विमानन कंपनियां यूएई से भारत के विभिन्न शहरों के लिए उड़ानें संचालित कर रही हैं। महाजन ने बताया कि सऊदी अरब और ओमान के विभिन्न हवाई अड्डों से भारत के अलग-अलग शहरों के लिए उड़ानें चल रही हैं, जबकि कतर का हवाई क्षेत्र आंशिक रूप से खुला हुआ है।
पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय में निदेशक ओपेश कुमार शर्मा ने कहा कि बंदरगाह, नौवहन और जलमार्ग मंत्रालय नाविकों के कल्याण और निर्बाध संचालन को सुनिश्चित करने के लिए विदेश मंत्रालय, मिशनों और हितधारकों के साथ समन्वय कर रहा है। उन्होंने कहा कि सभी भारतीय नाविक सुरक्षित हैं, और किसी भी घटना की कोई रिपोर्ट नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि डीजी शिपिंग के कंट्रोल रूम ने 8414 से अधिक कॉल और 18064 ई-मेल संभाले हैं, जिसमें पिछले 24 घंटों में 41 कॉल और 99 ई-मेल शामिल हैं। शिपिंग महानिदेशालय ने 2976 से अधिक भारतीय नाविकों की स्वदेश वापसी में सहायता की है, जिसमें पिछले 24 घंटों में 23 नाविक शामिल हैं। सभी बंदरगाह सामान्य रूप से काम कर रहे हैं और कहीं भी भीड़भाड़ की कोई रिपोर्ट नहीं है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

