निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन और सराय काले खां नमो भारत स्टेशन को जोड़ने वाला फुटओवर ब्रिज यात्रियों के लिए खुला
नई दिल्ली, 14 मई (हि.स.)। हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन और सराय काले खां नमो भारत स्टेशन के बीच यात्रियों की आवाजाही को सुगम बनाने के लिए बनाए गए नए फुटओवर ब्रिज (एफओबी) को आम यात्रियों के लिए खोल दिया गया है।
उत्तर रेलवे के अनुसार, अब दोनों स्टेशनों के बीच आने-जाने वाले यात्री इस आधुनिक सुविधा का उपयोग कर सकेंगे। करीब 300 मीटर लंबे इस फुटओवर ब्रिज को यात्रियों की सुविधा और सुरक्षित आवागमन को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। रेलवे के मुताबिक, एफओबी की पूरी लंबाई तय करने में लगभग 4 से 5 मिनट का समय लगता है। यह पुल हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन, सराय काले खां नमो भारत स्टेशन तथा रिंग रोड क्षेत्र के बीच सीधा संपर्क उपलब्ध कराएगा।
सराय काले खां नमो भारत स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए दिव्यांगजन अनुकूल लिफ्ट, एस्केलेटर और दिशा-निर्देश संबंधी साइनबोर्ड लगाए गए हैं। इसके अलावा, 65 मीटर लंबाई के छह मूविंग वॉक अथवा ट्रैवलेटर भी लगाए गए हैं, जिनमें प्रत्येक दिशा में तीन-तीन ट्रैवलेटर शामिल हैं। एफओबी और उससे जुड़े प्रवेश द्वारों तथा पैदल मार्गों पर पर्याप्त रौशनी की व्यवस्था की गई है। सुरक्षा के मद्देनजर पूरे फुटओवर ब्रिज क्षेत्र को सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में रखा गया है।
रेलवे ने हजरत निजामुद्दीन स्टेशन की ओर यूटीएस टिकटों की बिक्री के लिए पांच टिकट काउंटर और एक पूछताछ काउंटर की भी व्यवस्था की है। यात्रियों की सुविधा के लिए रेल वन सुपर ऐप से टिकट बुकिंग संबंधी जानकारी के लिए क्यूआर कोड तथा आठ एटीवीएम मशीनें भी लगाई गई हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

