लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मिले जदयू अध्यक्ष नीतीश कुमार

WhatsApp Channel Join Now
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मिले जदयू अध्यक्ष नीतीश कुमार


पटना, 05 अगस्त (हि.स.)। जनता दल (यूनाइटेड) के राष्ट्रीय अध्यक्ष, बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सदस्य नीतीश कुमार ने बुधवार को नई दिल्ली स्थित संसद भवन में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से शिष्टाचार भेंट की। मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं के बीच संसदीय लोकतंत्र, संविधान की मूल भावना, लोकतांत्रिक संस्थाओं की गरिमा तथा जनहित एवं राष्ट्रहित से जुड़े समसामयिक विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में संसदीय परंपराओं को मजबूत बनाए रखने और लोकतांत्रिक मूल्यों के संरक्षण पर विशेष रूप से विचार-विमर्श किया गया। नीतीश कुमार ने लोकसभा अध्यक्ष के रूप में ओम बिरला द्वारा सदन की गरिमा, संसदीय मर्यादाओं और लोकतांत्रिक परंपराओं को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

दोनों नेताओं ने लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति सम्मान, संविधान की भावना के अनुरूप कार्य करने तथा जनसेवा और राष्ट्रहित के प्रति अपनी साझा प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने लोकतांत्रिक संवाद को और अधिक प्रभावी बनाने तथा संसद की गरिमा बनाए रखने की आवश्यकता पर भी बल दिया।

सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई इस शिष्टाचार भेंट को भारतीय लोकतंत्र की मजबूत संसदीय परंपराओं, संवाद की संस्कृति और राष्ट्रहित के प्रति साझा संकल्प का प्रतीक माना गया।

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह 'ललन सिंह' तथा जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य संजय कुमार झा भी उपस्थित रहे।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी

Share this story