नितिन नवीन का 21-22 सितंबर को उत्तर प्रदेश दौरा, चुनावी तैयारियों पर करेंगे मंथन

WhatsApp Channel Join Now
नितिन नवीन का 21-22 सितंबर को उत्तर प्रदेश दौरा, चुनावी तैयारियों पर करेंगे मंथन


नई दिल्ली, 20 सितंबर (हि.स.)l भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 21 और 22 सितंबर को दो दिवसीय उत्तर प्रदेश प्रवास पर रहेंगे। आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर उनके दौरे के दौरान संगठनात्मक बैठकों, युवा सम्मेलन और कार्यकर्ता संवाद समेत कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

प्रवास के पहले दिन 21 सितंबर को नितिन नवीन मेरठ पहुंचेंगे। वे सबसे पहले इंडियन नेशनल आर्मी शहीद स्मारक एवं उपवन में अमर बलिदानियों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद सुबह 11:30 बजे स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय के मांगल्य ऑडिटोरियम में युवा सम्मेलन को संबोधित करेंगे। दोपहर 1:45 बजे शक्ति केंद्र सम्मेलन (पश्चिम क्षेत्र) में कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। इसके बाद पश्चिम क्षेत्र के पूर्व पदाधिकारियों, सांसदों, विधायकों और प्रमुख कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर चुनावी तैयारियों की समीक्षा करेंगे।

जानकारी के अनुसार, 22 सितंबर को नितिन नवीन मेरठ में प्रबुद्धजनों और समाज के विशिष्ट नागरिकों के साथ संवाद करेंगे। इसके बाद वे ऐतिहासिक औघड़नाथ मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे। इसके बाद वे सहारनपुर पहुंचेंगे, जहां दोपहर 01 बजे भाजपा के एक कार्यकर्ता के निवास पर भोजन करेंगे। दोपहर 2:15 बजे पश्चिम क्षेत्र के पूर्व सांसदों और विधायकों के साथ संवाद करेंगे। इसके पश्चात् प्रदेश एवं क्षेत्रीय पदाधिकारियों, जिलाध्यक्षों, जिला प्रभारियों और जिला महामंत्रियों के साथ बैठक में चुनावी तैयारियों और संगठनात्मक रणनीति पर चर्चा करेंगे।

दौरे के अंत में नितिन नवीन सिद्धपीठ श्री शाकम्भरी देवी मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे। पार्टी के अनुसार, यह प्रवास संगठन, कार्यकर्ताओं और चुनावी तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण है।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Share this story