नितिन नवीन 24 और 25 मार्च को पश्चिम बंगाल के दौरे पर रहेंगे

WhatsApp Channel Join Now
नितिन नवीन 24 और 25 मार्च को पश्चिम बंगाल के दौरे पर रहेंगे


नई दिल्ली, 23 मार्च (हि.स.)। आगामी विधानसभा चुनावों से पहले पार्टी की तैयारियों का जायजा लेने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन मंगलवार से दो दिवसीय दौरे पर पश्चिम बंगाल पहुंचेंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष वहां चुनावी तैयारियों की समीक्षा करेंगे, भाजपा की कोर टीमों के साथ संवाद करेंगे और समर्पित पार्टी कार्यकर्ताओं में मिशन की नई भावना जागृत करेंगे।

इसके साथ

नवीन उच्च स्तरीय रणनीतिक बैठकों की एक श्रृंखला का नेतृत्व करेंगे, जिसका उद्देश्य पार्टी की डिजिटल, सोशल मीडिया और जमीनी स्तर की पहुंच को मजबूत करना है। चुनाव आयोग द्वारा पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की आधिकारिक घोषणा के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष का राज्य का यह पहला दौरा है।

सोमवार को भाजपा की विज्ञप्ति के अनुसार 24 मार्च 2026 को भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष सुबह 09:45 बजे कोलकाता पहुंचेंगे, जहां से रणनीतिक सत्रों के मैराथन की शुरुआत होगी। नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर वरिष्ठ पार्टी नेताओं द्वारा उनका भव्य स्वागत किया जाएगा। 11:00 बजे हावड़ा और हुगली जोन की बैठक को संबोधित करेंगे। दोपहर साढ़े तीन बजे वे चुनावी अभियान में पार्टी की डिजिटल रीढ़ को मजबूत करने के लिए राज्य आईटी और कॉल सेंटर टीमों के कार्यों की समीक्षा करेंगे। इसके पश्चात् सायं 04:30 बजे वे राज्य सोशल मीडिया, मीडिया और नैरेटिव (विमर्श) टीमों के साथ एक बैठक करेंगे जो पार्टी के संचार और विपक्षी नैरेटिव को काटने की रणनीतियों को सुव्यवस्थित करने के लिए एक महत्वपूर्ण सत्र है।

बाद में शाम छह बजे कोलकाता में ही केंद्रीय मंत्रियों और केंद्रीय नेताओं के साथ चर्चा करेंगे।

प्रवास के दूसरे दिन नितिन नवीन सुबह मां दक्षिणेश्वर काली मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे और राज्य की समृद्धि के लिए आशीर्वाद मांगेंगे। उसके बाद प्रदेश भाजपा कार्यालय में बूथ-स्तरीय तैयारी की सूक्ष्म समीक्षा के लिए राज्य भाजपा चुनाव प्रबंधन टीम के साथ बैठक करेंगे। दोपहर 12:00 बजे वे समावेशी प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने के लिए प्रदेश भाजपा की महिला मोर्चा, युवा मोर्चा, एससी मोर्चा, एसटी मोर्चा, ओबीसी मोर्चा और धार्मिक निकायों सहित राज्य भाजपा के विभिन्न अंगों के साथ संवाद करेंगे। इसके बाद वह उसी स्थान (राज्य भाजपा कार्यालय) पर वरिष्ठ नेताओं के साथ रणनीतिक चर्चा करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Share this story