भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने किया ‘कुम्हरार सेवा सहायता पोर्टल’ का लोकार्पण

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने किया ‘कुम्हरार सेवा सहायता पोर्टल’ का लोकार्पण


भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने किया ‘कुम्हरार सेवा सहायता पोर्टल’ का लोकार्पण


पटना, 17 अक्टूबर (हि.स.)। पटना के कुम्हरार विधानसभा क्षेत्र के नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान और जनहित से जुड़े मुद्दों के प्रभावी निवारण के उद्देश्य से शनिवार को ‘कुम्हरार सेवा सहायता पोर्टल-आपका विधायक आपके साथ सदैव समर्पित’ का लोकार्पण किया गया। राजेंद्र नगर स्थित गणपति उत्सव हॉल में आयोजित कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पोर्टल का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर भाजपा के बिहार प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, कुम्हरार विधायक संजय गुप्ता सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

पोर्टल का उद्देश्य विधानसभा क्षेत्र के नागरिकों की समस्याओं को संबंधित विभागों और अधिकारियों तक पहुंचाना तथा उनके समाधान की प्रक्रिया को सरल, सुगम और प्रभावी बनाना है। इसके माध्यम से आम नागरिक अपनी समस्याओं और जनहित से जुड़े मुद्दों को डिजिटल मंच पर रख सकेंगे। यह पहल जनता और जनप्रतिनिधि के बीच संवाद को मजबूत करने के साथ जनसमस्याओं के निवारण की प्रक्रिया को अधिक व्यवस्थित बनाने में सहायक होगी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि भाजपा जनसेवा और जनसमस्याओं के समाधान के लिए निरंतर काम करने वाली पार्टी है। जनता की कठिनाइयों को दूर करना और उनकी जरूरतों के अनुरूप व्यवस्था को प्रभावी बनाना पार्टी की कार्यसंस्कृति का हिस्सा है। कुम्हरार सेवा सहायता पोर्टल इसी सोच का परिणाम है, जो आम नागरिकों को अपनी बात रखने के लिए सुलभ माध्यम उपलब्ध कराएगा।

सरावगी ने कहा कि तकनीक का उपयोग तभी सार्थक है, जब उसका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। डिजिटल माध्यम से जनसमस्याओं को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने की यह पहल जनप्रतिनिधियों की जवाबदेही मजबूत करने और जनता के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। उन्होंने इसे जनसेवा की दिशा में सकारात्मक कदम बताया।

संजय सरावरी ने कहा कि भाजपा का लक्ष्य केवल विकास योजनाओं को आगे बढ़ाना ही नहीं, बल्कि लोगों की समस्याएं सुनना और उनके समाधान के लिए प्रभावी प्रयास करना भी है। जनता के विश्वास और सहयोग से ही जनकल्याणकारी प्रयासों को मजबूती मिलती है।

कुम्हरार विधायक संजय गुप्ता ने इस मौके पर कहा कि पोर्टल शुरू करने का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र के नागरिकों की समस्याओं को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाना, जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देना और उनके समाधान की प्रक्रिया को सुगम बनाना है। उन्होंने कहा कि वह कुम्हरार की जनता की सेवा के लिए सदैव समर्पित रहेंगे। यह पोर्टल जनता और उनके बीच संपर्क का प्रभावी माध्यम बनेगा।

कार्यक्रम में पद्मश्री डॉ. आरएन सिंह, पद्मश्री डॉ. शांति राय, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष अनामिका पासवान, पटना महानगर अध्यक्ष रूप नारायण कुशवाहा, प्रदेश मीडिया प्रभारी दानिश इकबाल, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी अमित प्रकाश बबलू सहित पार्टी के कई पदाधिकारी, वार्ड पार्षद और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। मंच का संचालन अजय मिश्रा ने किया।

---------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762736 Articles

Share this story