नितिन नवीन आज शाम पहुंचेंगे भुवनेश्वर
भुवनेश्वर, 17 मई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन अपने दो दिवसीय ओडिशा दौरे पर रविवार शाम भुवनेश्वर पहुंचेंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद उनका यह पहला ओडिशा दौरा होगा।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन के आगमन से पूर्व ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने सोशल मीडिया के माध्यम से उनका स्वागत किया
है। मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि ओडिशा की धरती पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का हार्दिक स्वागत और अभिनंदन है। उन्होंने विश्वास जताया कि नीतिन नवीन का मार्गदर्शन और प्रेरणादायी उपस्थिति राज्य में संगठन को और अधिक मजबूत करेगी तथा समृद्ध ओडिशा के संकल्प को नई ऊर्जा प्रदान करेगी।
पार्टी सूत्रों के अनुसार भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन रविवार शाम नियमित यात्री विमान से भुवनेश्वर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वैश्विक तेल संकट और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सादगीपूर्ण कार्यक्रमों के आह्वान को ध्यान में रखते हुए उनका स्वागत सादगीपूर्ण तरीके से किया जाएगा। सूत्रों के अनुसार राष्ट्रीय अध्यक्ष 18 मई (सोमवार) को भाजपा राज्य कार्यालय में आयोजित राज्य कोर कमेटी की बैठक में भाग लेंगे। इसके बाद वे खोरधा जिले के जटनी स्थित एशियन इंस्टीट्यूट ऑफ फिजिकल हेल्थ विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित ‘पंडित दीनदयाल प्रशिक्षण महाअभियान-2026’ शिविर का उद्घाटन करेंगे।
इसके पश्चात राष्ट्रीय अध्यक्ष पुरी जाकर भगवान जगन्नाथ के दर्शन करेंगे और महाप्रसाद ग्रहण करेंगे। भुवनेश्वर लौटने के बाद वे भाजपा राज्य पदाधिकारियों, मोर्चा अध्यक्षों और मंत्रिपरिषद से संबंधित बैठकों में शामिल होकर संगठनात्मक गतिविधियों पर चर्चा करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सोमवार शाम वह भुवनेश्वर से दिल्ली लौट जाएंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता महंतो

