नितिन गडकरी ने सूक्ष्म उद्यमियों को जेआरडी टाटा पुरस्कार से किया सम्मानित

WhatsApp Channel Join Now
नितिन गडकरी ने सूक्ष्म उद्यमियों को जेआरडी टाटा पुरस्कार से किया सम्मानित


नई दिल्ली, 17 नवंबर (हि.स.)। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने मंगलवार को नई दिल्ली में आयोजित जेआरडी टाटा पुरस्कार 2026 समारोह में रोजगार सृजन और उद्यमिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय काम करने वाले सूक्ष्म उद्यमियों को सम्मानित किया। इस वर्ष 14 उद्यमियों को पुरस्कार के लिए चुना गया था, इनमें पांच महिलाएं थीं। समारोह में उद्यमिता के क्षेत्र में काम करने वाले चार उद्यमियों को विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार प्रदान किए गए।

भारतीय युवा शक्ति ट्रस्ट (बीवाईएसटी) की ओर से आयोजित इस समारोह में आंध्र प्रदेश से राज्यसभा सदस्य विजय चिंताकायाला और प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद के अध्यक्ष प्रो. एस. महेंद्र देव विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। बीवाईएसटी के अनुसार, जेआरडी टाटा पुरस्कार की शुरुआत वर्ष 1995 में ट्रस्ट के संस्थापक अध्यक्ष भारत रत्न जेआरडी टाटा के सम्मान में की गई थी। इसका उद्देश्य ऐसे पहली पीढ़ी के उद्यमियों को पहचान देना है, जिन्होंने कारोबार खड़ा करने के साथ रोजगार के अवसर पैदा किए और स्थानीय अर्थव्यवस्था में योगदान दिया।

समारोह का विषय 'ग्राम उद्यमियों का सम्मान, भारत का विकास' रखा गया था। पुरस्कार तीन श्रेणियों में दिए गए। इनमें वर्ष का सर्वश्रेष्ठ उद्यमी, वर्ष की महिला उद्यमी और सबसे तेजी से आगे बढ़ने वाला उद्यमी शामिल हैं।

गडकरी ने कहा कि भारत की आर्थिक वृद्धि के साथ ग्रामीण, आदिवासी और अर्ध-शहरी क्षेत्रों में रोजगार के अवसर भी पैदा होने चाहिए। प्रौद्योगिकी, नवाचार और वित्तीय सहायता के माध्यम से सूक्ष्म एवं लघु उद्यमों को मजबूत करने से उत्पादन बढ़ाने, कचरे को उपयोगी संसाधन में बदलने और स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन में मदद मिल सकती है। इससे क्षेत्रीय आय की असमानता कम करने में भी सहायता मिलेगी। उन्होंने कहा कि अनुभवी मार्गदर्शकों के सहयोग से तैयार हुए ये उद्यम आत्मनिर्भर और विकसित भारत के लक्ष्य में योगदान दे सकते हैं।

प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद के अध्यक्ष प्रो. एस. महेंद्र देव ने कहा कि सूक्ष्म और लघु उद्यम समावेशी आर्थिक विकास, रोजगार सृजन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। पहली पीढ़ी के उद्यमियों को वित्त, प्रौद्योगिकी, बाजार और मार्गदर्शन की सुविधा मिलने से वे अपने कारोबार का विस्तार कर सकते हैं और स्थायी आजीविका के अवसर पैदा कर सकते हैं।

बीवाईएसटी की संस्थापक एवं प्रबंध न्यासी लक्ष्मी वेंकटरमण वेंकटेशन ने कहा कि छोटे उद्यमी सीमित पूंजी से कारोबार खड़ा कर रहे हैं और अपने समुदायों में रोजगार पैदा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि केवल ऋण उपलब्ध कराना पर्याप्त नहीं है। उद्यमों को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर मार्गदर्शन, बाजार तक पहुंच, क्षमता निर्माण और संस्थागत सहयोग भी जरूरी है।

वर्ष 2026 का सर्वश्रेष्ठ उद्यमी पुरस्कार चेन्नई के रेडहिल्स स्थित हाफा फूड्स एंड फ्रोजन फूड्स के जे. हाजा फुन्यामिन को दिया गया। उन्होंने सड़क किनारे समोसे बेचने से शुरुआत कर 15.58 करोड़ रुपये का फ्रोजन फूड कारोबार खड़ा किया। उनकी कंपनी संयुक्त अरब अमीरात, अमेरिका, कनाडा, सिंगापुर और श्रीलंका को उत्पादों का निर्यात करती है। इससे 100 से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष और 450 लोगों को अप्रत्यक्ष रोजगार मिला है।

वर्ष की महिला उद्यमी का पुरस्कार एसएम इंजीनियरिंग की सुजाता मनोज गनगे और गिरनाले प्रोग्रामिंग सॉल्यूशन की माधवी चंद्रशेखर गिरनाले को संयुक्त रूप से प्रदान किया गया। सुजाता गनगे पुनर्चक्रण मशीनों और वाहन संबंधी कलपुर्जों के निर्माण का काम करती हैं। वहीं, माधवी गिरनाले की कंपनी सीएनसी मशीनिंग के जरिए डाई और मोल्ड बनाने के क्षेत्र में काम करती है।

सबसे तेजी से आगे बढ़ने वाले उद्यमी का पुरस्कार पुणे स्थित माइक्रोटेक पॉलिमर्स के रूपेश हनुमंत शिवरकर को दिया गया। उनकी कंपनी का कारोबार वित्त वर्ष 2022-23 में 1.56 करोड़ रुपये था, जो 2023-24 में बढ़कर 2.58 करोड़ रुपये और 2024-25 में 5.57 करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। कंपनी सटीक इंजेक्शन मोल्डिंग से प्लास्टिक के कलपुर्जे बनाती है और सात से अधिक देशों में अपने उत्पादों का निर्यात करती है।

समारोह के दौरान बीवाईएसटी ने शिक्षा, सरकार, नागरिक समाज और कौशल विकास क्षेत्र से जुड़े संस्थानों के साथ छह समझौता ज्ञापनों का आदान-प्रदान किया। इनमें बीएमएल मुंजाल विश्वविद्यालय का इंस्टीट्यूट ऑफ इनोवेशन एंड एंटरप्रेन्योरशिप, नेशनल एसोसिएशन फॉर द ब्लाइंड, स्किल्स डेवलपमेंट नेटवर्क, वाधवानी फाउंडेशन, सिम्बायोसिस सेंटर फॉर एंटरप्रेन्योरशिप एंड इनोवेशन, शारदा विश्वविद्यालय और महाराष्ट्र सरकार की अकादमी ऑफ महाराष्ट्र रिसर्च, अपलिफ्टमेंट एंड ट्रेनिंग शामिल हैं। इन साझेदारियों का उद्देश्य मार्गदर्शन, कौशल विकास, प्रशिक्षण और संस्थागत सहयोग के जरिए उद्यमिता को बढ़ावा देना है।

पुरस्कारों के लिए गठित नौ सदस्यीय निर्णायक मंडल की अध्यक्षता प्रो. एस. महेंद्र देव ने की। हीरो एंटरप्राइज के अध्यक्ष सुनील कांत मुंजाल इसके सह-अध्यक्ष थे। उद्यमियों का चयन कारोबार की वृद्धि, लाभ, ऋण भुगतान, रोजगार सृजन, नवाचार, निर्यात और प्रौद्योगिकी के इस्तेमाल जैसे मानकों के आधार पर किया गया।

बीवाईएसटी के अनुसार, वर्ष 1992 में स्थापना के बाद से संस्था 72 हजार से अधिक उद्यमियों को सहयोग दे चुकी है। संस्था से जुड़े ग्राम उद्यमियों ने प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से पांच लाख से अधिक रोजगार के अवसर पैदा किए हैं। साथ ही, उन्हें देशभर में एक हजार करोड़ रुपये से अधिक का बैंक वित्त उपलब्ध कराने में मदद की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778442 Articles

Share this story