नीति आयोग के केंद्रीय प्रभारी ने चिपावण्ड में समूह की महिलाओं से किया संवाद

WhatsApp Channel Join Now
नीति आयोग के केंद्रीय प्रभारी ने चिपावण्ड में समूह की महिलाओं से किया संवाद


कोण्डागांव, 25 जून (हि.स.)। नीति आयोग, भारत सरकार के केंद्रीय प्रभारी अधिकारी पी. नरहरि ने गुरुवार को कोण्डागांव विकासखण्ड के ग्राम चिपावण्ड स्थित महतारी सदन में स्व-सहायता समूह की महिलाओं से संवाद कर उनकी आजीविका गतिविधियों की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने कोंडानार गारमेंट फैक्टरी का भी अवलोकन किया। उनके साथ कलेक्टर नुपूर राशि पन्ना, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अविनाश भोई, अपर कलेक्टर चित्रकांत चाली सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

केंद्रीय प्रभारी अधिकारी नरहरि ने महतारी सदन में संचालित आजीविका सेवा केन्द्र का निरीक्षण कर दुकान संचालन से होने वाली आय तथा समूह की महिलाओं को प्राप्त हो रहे आर्थिक लाभ की जानकारी ली। उन्होंने महिलाओं से उनकी विभिन्न आजीविका गतिविधियों, आय के स्रोतों तथा भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की।

महतारी सदन में महिलाओं से संवाद करते हुए नरहरि ने कहा कि आय में वृद्धि के लिए उपलब्ध साधनों एवं संसाधनों का बेहतर उपयोग करने के साथ-साथ नियमित प्रशिक्षण प्राप्त करना आवश्यक है। उन्होंने महिलाओं को स्वरोजगार एवं सूक्ष्म उद्योगों की स्थापना के लिए शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाने तथा ग्रामीण उद्योगों की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि इससे महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता और अधिक सशक्त होगी। उन्होंने 12वीं उत्तीर्ण महिलाओं को उच्च शिक्षा जारी रखने के लिए भी प्रोत्साहित करते हुए कहा कि शिक्षा और कौशल विकास से रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर का लाभ उठाएं।

इस अवसर पर एसडीएम अजय उरांव, डिप्टी कलेक्टर किशोर शर्मा, तहसीलदार मनोज रावटे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

---------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Share this story