(अपडेट) नीति आयोग के नवनियुक्त उपाध्यक्ष अशोक लाहिड़ी ने प्रधानमंत्री से की मुलाकात

WhatsApp Channel Join Now
(अपडेट) नीति आयोग के नवनियुक्त उपाध्यक्ष अशोक लाहिड़ी ने प्रधानमंत्री से की मुलाकात


नई दिल्ली, 25 अप्रैल (हि.स.)। नीति आयोग के नवनियुक्त उपाध्यक्ष अशोक कुमार लाहिड़ी ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से शिष्टाचार मुलाकात की।

प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पर लाहिड़ी से मुलाकात की तस्वीर साझा कर बधाई देते हुए कहा कि अर्थशास्त्र और सार्वजनिक नीति में उनका व्यापक अनुभव भारत के सुधारों की दिशा और ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य को मजबूत करेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि लाहिड़ी के प्रयास देश में नीति-निर्माण को और अधिक गतिशील बनाएंगे।

सरकारी अधिसूचना के अनुसार वरिष्ठ अर्थशास्त्री लाहिड़ी को शुक्रवार को नीति आयोग का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया। इसके साथ ही आयोग की नई पूर्णकालिक टीम की भी घोषणा की गई है। नई टीम में राजीव गौबा, प्रो. केवी राजू, प्रो. गोबर्धन दास, प्रो. अभय करंदीकर और डॉ. एम. श्रीनिवास को पूर्णकालिक सदस्य के रूप में शामिल किया गया है।

प्रधानमंत्री ने सभी नवनियुक्त सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नीति आयोग भारत की नीति-निर्माण संरचना का एक महत्वपूर्ण स्तंभ बन चुका है, जो सहकारी संघवाद, सुधारों और ‘ईज ऑफ लिविंग’ को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभा रहा है।

इस बीच प्रो. गोबर्धन दास ने सोशल मीडिया पर अपनी नियुक्ति पर आभार व्यक्त करते हुए इसे अपने जीवन का महत्वपूर्ण क्षण बताया। उन्होंने कहा कि एक साधारण किसान परिवार से आने के बावजूद उन्हें देश की सेवा का अवसर मिला है, जो उनके लिए गर्व की बात है।

प्रधानमंत्री मोदी ने भी उनकी पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए उनके योगदान की सराहना की और कहा कि पब्लिक हेल्थ, विज्ञान और नवाचार के क्षेत्र में उनका कार्य देश के लिए प्रेरणादायक है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story