साइबर सुरक्षा और डिजिटल फॉरेंसिक पर राष्ट्रीय सम्मेलन सोमवार से

WhatsApp Channel Join Now
साइबर सुरक्षा और डिजिटल फॉरेंसिक पर राष्ट्रीय सम्मेलन सोमवार से


नई दिल्ली, 15 नवंबर (हि.स.)। राष्ट्रीय इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (नाइलिट) 16 और 17 नवंबर को यहां साइबर सुरक्षा, डिजिटल फॉरेंसिक और इंटेलिजेंस पर तीसरे राष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन करेगा। डॉ. आंबेडकर अंतरराष्ट्रीय केंद्र में होने वाले इस सम्मेलन का विषय ‘साइबर सुरक्षित भारत : भारत के डिजिटल भविष्य को मजबूत करना’ रखा गया है।

इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के तहत आयोजित इस सम्मेलन में सरकार, कानून प्रवर्तन एजेंसियों, रक्षा, न्यायपालिका, प्रौद्योगिकी कंपनियों, उद्योग और शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। सम्मेलन का उद्देश्य साइबर खतरों और डिजिटल जांच की चुनौतियों पर चर्चा करना तथा साइबर सुरक्षा और डिजिटल फॉरेंसिक के क्षेत्र में विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय और क्षमता बढ़ाना है।

नाइलिट के अनुसार, सम्मेलन में कृत्रिम बुद्धिमत्ता, ब्लॉकचेन सुरक्षा और साइबर इंटेलिजेंस जैसी उभरती तकनीकों के उपयोग पर भी चर्चा होगी। इसके लिए साइबर सुरक्षा, डिजिटल फॉरेंसिक, एआई सुरक्षा, महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे, थ्रेट इंटेलिजेंस, ब्लॉकचेन एवं क्रिप्टो, ड्रोन और इंटरनेट ऑफ थिंग्स फॉरेंसिक, डिजिटल साक्ष्य, साइबर कानून तथा क्लाउड सुरक्षा सहित 10 विषय निर्धारित किए गए हैं।

सम्मेलन के दौरान उद्घाटन सत्र, तकनीकी और कारोबारी सत्र, पैनल चर्चा, उद्योग प्रदर्शनी और ‘साइबर कुश्ती 2026’ साइबर सुरक्षा एवं एआई हैकाथॉन आयोजित किया जाएगा। तकनीकी सत्रों में राष्ट्रीय साइबर सुरक्षा, महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे की सुरक्षा, साइबर हमलों पर कार्रवाई, वित्तीय साइबर अपराध, डिजिटल जांच, साइबर खतरे की जानकारी, डिजिटल साक्ष्य और कानून प्रवर्तन एजेंसियों की तैयारी जैसे विषयों पर चर्चा होगी।

हैकाथॉन के लिए 1,031 टीमों के 3,093 प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया है। इनमें से 923 टीमों के 2,769 प्रतिभागियों को पहले स्तर के लिए चुना गया है। दूसरे स्तर के लिए 50 और तीसरे स्तर के लिए 10 टीमें चयनित हुई हैं। तीन स्तरों वाली इस प्रतियोगिता को ‘रिव्यू’, ‘अटैक’ और ‘डिफेंड’ विषयों के आधार पर तैयार किया गया है।

सम्मेलन में भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र, भारतीय कंप्यूटर आपातकालीन प्रतिक्रिया दल, दिल्ली पुलिस, साइबरपीस, मानकीकरण परीक्षण एवं गुणवत्ता प्रमाणन निदेशालय, सैन्य दूरसंचार इंजीनियरिंग महाविद्यालय और कई अन्य संस्थान ज्ञान साझेदार के रूप में शामिल होंगे। वहीं, डिजिटल फॉरेंसिक और साइबर सुरक्षा क्षेत्र की विभिन्न कंपनियां उद्योग साझेदार के रूप में हिस्सा लेंगी।

सम्मेलन के दौरान नाइलिट और उद्योग साझेदारों के बीच समझौता ज्ञापनों पर भी हस्ताक्षर किए जाएंगे। इनका उद्देश्य संस्थागत साझेदारी, ज्ञान के आदान-प्रदान, संयुक्त पहल, अनुसंधान एवं विकास और साइबर सुरक्षा तथा डिजिटल फॉरेंसिक के क्षेत्र में क्षमता निर्माण को बढ़ावा देना है।

नाइलिट का पहला राष्ट्रीय सम्मेलन 2024 में नागालैंड के कोहिमा में आयोजित हुआ था। इसका दूसरा संस्करण 2025 में असम के गुवाहाटी विश्वविद्यालय में हुआ। तीसरे संस्करण के जरिए इस मंच को राष्ट्रीय स्तर पर और व्यापक बनाने तथा साइबर सुरक्षा से जुड़े संस्थानों और विशेषज्ञों के बीच सहयोग बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777326 Articles

Share this story