सहारनपुर फर्जी नोट मामले में एनआईए ने एक और आरोपित को गिरफ्तार किया

WhatsApp Channel Join Now
सहारनपुर फर्जी नोट मामले में एनआईए ने एक और आरोपित को गिरफ्तार किया


नई दिल्ली, 16 सितंबर (हि.स.)। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने पंजाब नेशनल बैंक के सहारनपुर स्थित करेंसी चेस्ट से बरामद फर्जी भारतीय मुद्रा से जुड़े मामले में एक और आरोपित को गिरफ्तार किया है। उसकी पहचान आदेश चौधरी के रूप में हुई है, जो करेंसी चेस्ट में संविदा चालक के तौर पर काम करता था।

एनआईए के अनुसार, आदेश चौधरी सहारनपुर के कुतुबशेर थाना क्षेत्र का निवासी है और मामले की साजिश में शामिल प्रमुख आरोपितों में से एक है। यह मामला पंजाब नेशनल बैंक के सिविल लाइंस स्थित करेंसी चेस्ट से जुड़े फर्जी नोटों की बरामदगी से संबंधित है।

एनआईए ने बताया कि 29 अगस्त को सहारनपुर के सदर बाजार थाने को पंजाब नेशनल बैंक के करेंसी चेस्ट से 17.29 करोड़ रुपये मूल्य के फर्जी भारतीय मुद्रा नोट मिलने की सूचना मिली थी। जांच के दौरान बैंक के तीन कर्मचारियों की संलिप्तता भी सामने आई थी, जिसके बाद उन्हें निलंबित कर दिया गया।

यह मामला शुरू में 29 अगस्त को सदर बाजार थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 178 के तहत दर्ज किया गया था। बाद में 03 सितंबर 2026 को एनआईए ने इसे अपने हाथ में लेकर दोबारा दर्ज किया।

इससे पहले एनआईए 07 सितंबर को नामजद आरोपित अमित कुमार को गिरफ्तार कर चुकी है। एजेंसी ने कहा कि मामले की जांच जारी है और शेष आरोपितों तथा संदिग्धों की भूमिका की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Share this story