प्रवीण नेत्तारू हत्याकांड में एनआईए ने एक और फरार आरोपित को किया गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
प्रवीण नेत्तारू हत्याकांड में एनआईए ने एक और फरार आरोपित को किया गिरफ्तार


नई दिल्ली, 06 अगस्त (हि.स.)। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने कर्नाटक के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता प्रवीण नेत्तारू की 2022 में हुई हत्या के मामले में एक और फरार आरोपित को गिरफ्तार किया है। इसी के साथ इस बहुचर्चित हत्याकांड में अब तक गिरफ्तार किए गए आरोपितों की संख्या बढ़कर 25 हो गई है।

एनआईए ने गुरुवार को बताया कि फरार आरोपित उमर फारूक एमआर को केरल के कोच्चि से विश्वसनीय खुफिया सूचना के आधार पर चलाए गए विशेष अभियान में गिरफ्तार किया गया। उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी था और अदालत से गैर-जमानती वारंट भी जारी किया गया था। उसकी गिरफ्तारी में मददगार सूचना देने वाले के लिए एनआईए ने चार लाख रुपये का इनाम भी घोषित किया था।

जांच एजेंसी के अनुसार, उमर फारूक के खिलाफ पहले ही भारतीय दंड संहिता और गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) की विभिन्न धाराओं के तहत आरोपपत्र दाखिल किया जा चुका है। जांच में सामने आया कि उसने अन्य आरोपितों के साथ सुलिया कस्बे में प्रतिबंधित पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई) के कार्यालय में आयोजित साजिश संबंधी बैठक में हिस्सा लिया था।

एनआईए के मुताबिक, जांच में यह भी पता चला कि उम्मर फारूक ने सह-आरोपित को अपनी मोटरसाइकिल उपलब्ध कराने पर सहमति दी थी, ताकि बेल्लारे गांव में संभावित लक्ष्य की पहचान और हत्या से पहले रेकी की जा सके। उस पर अन्य सह-आरोपितों के साथ मिलकर इस मामले के एक संरक्षित गवाह की हत्या का प्रयास करने का भी आरोप है।

एनआईए ने बताया कि इससे पहले जुलाई में भी उसने इस मामले के दो अन्य फरार आरोपितों अब्दुल नासिर पी उर्फ नासिर और नौशाद को क्रमशः केरल के कोच्चि तथा तमिलनाडु के होसुर से गिरफ्तार किया था। यह कार्रवाई आंध्र प्रदेश पुलिस से प्राप्त सूचना के आधार पर समन्वित अभियान के तहत की गई थी।

एनआईए ने बताया कि मामले में अभी भी दो आरोपित फरार हैं। उनकी तलाश और गिरफ्तारी के लिए अभियान जारी है। उल्लेखनीय है कि दक्षिण कन्नड़ जिले के भाजपा नेता प्रवीण नेत्तारू की 26 जुलाई 2022 को हत्या कर दी गई थी। इस घटना के बाद व्यापक जनाक्रोश को देखते हुए मामले की जांच एनआईए को सौंपी गई थी। जांच एजेंसी के अनुसार, हत्या प्रतिबंधित पीएफआई के कार्यकर्ताओं द्वारा रची गई व्यापक आपराधिक साजिश का हिस्सा थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Share this story