लाल किला बम विस्फोट मामले में एनआईए ने दो और आरोपित पकड़े
नई दिल्ली, 25 फ़रवरी (हि.स.)। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने दिल्ली के लाल किला इलाके में हुए बम विस्फोट मामले में दो और आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इसी के साथ ही इस मामले में कुल गिरफ्तार लोगों की संख्या बढ़कर 11 हो गई है।
एनआईए के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों की पहचान जम्मू-कश्मीर के गांदरबल निवासी जमीर अहमद और श्रीनगर निवासी तुफैल अहमद भट के रूप में हुई है। जांच में सामने आया है कि इन दोनों ने दिल्ली बम विस्फोट के मुख्य आरोपित को हथियार उपलब्ध कराए थे और साजिश में सक्रिय भूमिका निभाई थी। उल्लेखनीय है कि 10 नवंबर 2025 को दिल्ली के लाल किला क्षेत्र में हुए इस बम विस्फोट में 11 लोगों की मौत हो गई थी और कई लोग घायल हुए थे। इस विस्फोट का मुख्य आरोपित उमर उन नबी भी धमाके में मारा गया था।
एनआईए की जांच में यह भी पता चला है कि जमीर और तुफैल आतंकी संगठन अंसार गजवत-उल-हिंद से जुड़े ओवर ग्राउंड वर्कर थे। ये लोग आतंकी साजिशों के लिए हथियार और गोला-बारूद जुटाने का काम करते थे।
जांच एजेंसी ने बताया कि इस पूरे हमले की साजिश उमर उन नबी ने अपने साथियों मुजम्मिल गनई, शाहीन सईद, मुफ्ती इरफान, आदिल अहमद राठर और अन्य लोगों के साथ मिलकर रची थी। इन लोगों ने मुख्य आरोपितों को छिपने की जगह और अन्य जरूरी मदद भी दी थी। इन सभी को पहले ही जम्मू-कश्मीर और हरियाणा के अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया जा चुका है।मामले में जांच अभी जारी है। ---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

