सूरत में सेप्टिक टैंक साफ करते समय 4 मजदूरों की मौत का एनएचआरसी ने लिया स्वतः संज्ञान

WhatsApp Channel Join Now
सूरत में सेप्टिक टैंक साफ करते समय 4 मजदूरों की मौत का एनएचआरसी ने लिया स्वतः संज्ञान


नई दिल्ली, 10 जून (हि.स.)। गुजरात के सूरत जिले में एक आभूषण निर्माण इकाई में सेप्टिक टैंक साफ करते समय चार मजदूरों की मौत के मामले में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने स्वतः संज्ञान लिया है। आयोग ने इस घटना को गंभीर मानवाधिकार उल्लंघन बताते हुए गुजरात के मुख्य सचिव और सूरत पुलिस आयुक्त को नोटिस जारी कर दो सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।

आयोग ने बुधवार को कहा कि मीडिया रिपोर्ट में बताया गया कि घटना 7 जून को हुई जब मजदूर बिना किसी सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन किए टैंक में सफाई के लिए उतरे और जहरीली गैस के शिकार हो गए। उन्हें बचाव दल द्वारा अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

आयोग ने कहा कि यदि समाचार रिपोर्ट की सामग्री सही है तो यह मानवाधिकारों के गंभीर उल्लंघन का मामला है। आयोग ने निर्देश दिया है कि रिपोर्ट में जांच की स्थिति और मृत मजदूरों के परिजनों को दी गई क्षतिपूर्ति का विवरण भी शामिल किया जाए। आयोग ने कहा कि मीडिया रिपोर्ट में बताया गया कि आभूषण की सफाई प्रक्रिया से उत्पन्न अपशिष्ट को उक्त सेप्टिक टैंक में जमा किया जाता था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Share this story