लुधियाना में तीन श्रमिकों की मौत पर पंजाब सरकार को मानवाधिकार आयोग का नोटिस

WhatsApp Channel Join Now
लुधियाना में तीन श्रमिकों की मौत पर पंजाब सरकार को मानवाधिकार आयोग का नोटिस


नई दिल्ली, 05 जून (हि.स.)। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने पंजाब के लुधियाना जिले में एक कारखाने के अंदर सीवेज लाइन की सफाई करते समय जहरीली गैसों में सांस लेने से तीन लोगों की मौत और दो अन्य के घायल होने की घटना का स्वतः संज्ञान लिया है। आयोग ने पंजाब सरकार के मुख्य सचिव और लुधियाना पुलिस आयुक्त को नोटिस जारी कर दो सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है।

आयोग के मुताबिक मीडिया रिपोर्टों के अनुसार कारखाने के प्रबंधन ने रासायनिक कचरे के निपटान के लिए इस्तेमाल होने वाले सीवेज सिस्टम को साफ करने के लिए श्रमिकों को काम पर रखा था। वे बिना किसी सुरक्षा उपकरण के सीवर लाइन में घुस गए और जहरीली गैसों के संपर्क में आ गए। इनमें से तीन श्रमिकों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दो सहायक कर्मचारी बेहोश हो गए और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।

आयोग ने रिपोर्ट में जांच की स्थिति, घायल श्रमिकों के स्वास्थ्य और सरकार द्वारा घोषित मुआवजे (यदि कोई हो) का विवरण शामिल करने का भी आदेश दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Share this story