मानवाधिकार आयोग ने विदिशा के वायरल वीडियो को लेकर मप्र सरकार से रिपोर्ट तलब की

WhatsApp Channel Join Now
मानवाधिकार आयोग ने विदिशा के वायरल वीडियो को लेकर मप्र सरकार से रिपोर्ट तलब की


नई दिल्ली, 07 अगस्त (हि.स.)। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने मध्य प्रदेश के विदिशा जिले के उस वायरल वीडियो का स्वतः संज्ञान लिया है, जिसमें कुछ छात्र चेक डैम के खंभों पर चढ़कर बेतवा नदी को पार करके स्कूल जाते हुए दिख रहे हैं। आयोग ने राज्य के मुख्य सचिव को नोटिस जारी कर दो सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।

इस संदर्भ में प्रकाशित मीडिया रिपोर्ट के अनुसार विदिशा जिले के काकरौआ गांव के स्कूली छात्र बेतवा नदी को पार करने के लिए बांध के खंभों पर चढ़कर अपनी जान जोखिम में डाल रहे हैं। बताया जा रहा है कि वे यह खतरनाक रास्ता इसलिए अपनाते हैं क्योंकि इससे सड़क मार्ग से 13 किलोमीटर की दूरी घटकर मात्र 1.5 किलोमीटर रह जाती है। गांव के नौ छात्र प्रतिदिन इसी तरह नदी पार करते हैं।

आयोग का मानना है कि बच्चों के स्कूल पहुंचने के लिए सुरक्षित परिवहन साधन का अभाव उनके गरिमापूर्ण शिक्षा के मौलिक अधिकार का उल्लंघन है।

खबरों के मुताबिक जिला शिक्षा अधिकारी ने घटनास्थल का दौरा किया और जिला कलेक्टर को इस मामले की जानकारी दी। हालांकि, नदी पार करने के लिए सुरक्षित मार्ग के निर्माण की कोई समयसीमा नहीं बताई गई है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Share this story