हरियाणा में दो सफाईकर्मियों की मौत को लेकर मानवाधिकार आयोग ने लिया संज्ञान

WhatsApp Channel Join Now
हरियाणा में दो सफाईकर्मियों की मौत को लेकर मानवाधिकार आयोग ने लिया संज्ञान


नई दिल्ली, 24 अप्रैल (हि.स.)। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने उस मीडिया रिपोर्टों का स्वतः संज्ञान लिया है जिसमें हरियाणा के नूंह जिले के फिरोजपुर झिरका क्षेत्र स्थित अंबेडकर चौक पर सीवर लाइन की सफाई के दौरान जहरीली गैसों के कारण दो सफाईकर्मियों की मौत हो गई और एक अन्य घायल हो गया। आयोग ने नूंह नगर आयुक्त और पुलिस अधीक्षक को नोटिस जारी कर दो सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट सौंपने का आदेश दिया है।

आयोग ने रिपोर्ट में जांच की स्थिति, घायल व्यक्ति का स्वास्थ्य और उसे तथा मृतक के परिजनों को दिए जाने वाले मुआवजे का विवरण शामिल करने का आग्रह किया है।

आयोग ने चिंता व्यक्त की है कि उच्चतम न्यायालय के दिशानिर्देशों के बावजूद ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति हुई है, जिसमें सफाई कर्मचारियों के लिए सुरक्षा उपकरणों के साथ सीवर लाइनों की मशीनीकृत सफाई पर जोर दिया गया है।

आयोग के मुताबिक तीन श्रमिकों में से एक सबसे पहले सीवर लाइन में उतरा और बेहोश हो गया। उसकी मदद करने के लिए जब अन्य लोग सीवर में उतरे तो वे भी बेहोश हो गए। उन्हें बाहर निकाला गया और अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनमें से दो को मृत घोषित कर दिया। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक राज्य सरकार के लोक स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (पीएचईडी) की ओर से नियुक्त ठेकेदार ने बिना किसी सुरक्षा उपकरण के सीवर लाइन की सफाई के लिए तीन कर्मचारियों को तैनात किया था।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Share this story