मणिपुरी महिला पर हमला मामले में दिल्ली पुलिस आयुक्त को एनएचआरसी का नोटिस

WhatsApp Channel Join Now
मणिपुरी महिला पर हमला मामले में दिल्ली पुलिस आयुक्त को एनएचआरसी का नोटिस


नई दिल्ली, 13 मार्च (हि.स.)। मणिपुर की एक महिला पर दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में लड़कों के एक समूह की ओर से कथित हमले का राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने स्वतः संज्ञान लिया है। आयोग ने दिल्ली पुलिस आयुक्त को नोटिस जारी कर दो सप्ताह के भीतर मामले पर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।

आयोग ने बताया कि मीडिया रिपोर्ट के अनुसार 8 मार्च को यह घटना तब घटी जब पीड़िता (मणिपुर की एक महिला) इलाके के एक पार्क में अपनी दोस्त के साथ तस्वीरें ले रही थी। उसी दौरान दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में लड़कों के एक समूह ने पीड़िता पर अश्लील और नस्लीय टिप्पणी की जिसका उन्होंने विरोध किया लेकिन लड़कों के समूह ने उस महिला पर शारीरिक हमला कर दिया।

आयोग ने रिपोर्ट में पीड़ित के स्वास्थ्य की स्थिति और जांच की प्रगति का विवरण भी शामिल करने को कहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Share this story