रायपुर जिले में कारखाना विस्फोट में तीन श्रमिकों की मौत को लेकर छत्तीसगढ़ सरकार को मानवाधिकार आयोग का नोटिस
नई दिल्ली, 13 जुलाई (हि.स.)। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले के उर्ला औद्योगिक क्षेत्र में एक कारखाने में हुए विस्फोट में तीन श्रमिकों की मौत और कई अन्य के घायल होने की खबर का स्वतः संज्ञान लिया। आयोग ने राज्य के मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को नोटिस जारी कर दो सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।
खबरों के मुताबिक, 7 जून को उर्ला औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक कारखाने में कथित तौर पर यह विस्फोट कारखाने में ऑक्सीजन सिलेंडर फटने के कारण हुआ था। इसमें तीन श्रमिकों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। घायलों को नजदीकी अस्पताल में ही भर्ती कराया गया। बाद में इस कारखाने को बंद कर दिया गया।
आयोग ने रिपोर्ट में घायलों की स्वास्थ्य की स्थिति के साथ-साथ मृतकों के परिजनों और घायलों को दिए गए मुआवजे (यदि कोई हो) को शामिल करने का निर्देश दिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

