राजमार्गयात्रा ऐप पर टोल प्लाजा फीडबैक की सुविधा शुरू, राष्ट्रीय राजमार्गों पर लोगों के अनुभव के आधार पर सुधारी जाएंगी सेवाएं

WhatsApp Channel Join Now
राजमार्गयात्रा ऐप पर टोल प्लाजा फीडबैक की सुविधा शुरू, राष्ट्रीय राजमार्गों पर लोगों के अनुभव के आधार पर सुधारी जाएंगी सेवाएं


नई दिल्ली, 19 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने राष्ट्रीय राजमार्गों पर टोल प्लाजा की सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए राजमार्गयात्रा मोबाइल ऐप पर ‘टोल प्लाजा फीडबैक’ सुविधा शुरू की है। इसके माध्यम से यात्री टोल प्लाजा पर अपने अनुभव साझा कर सकेंगे और सेवाओं से जुड़ी समस्याओं को सामने ला सकेंगे। इस पहल का उद्देश्य नागरिकों की भागीदारी बढ़ाना और राष्ट्रीय राजमार्गों पर यात्रा को सुरक्षित, सुगम तथा सुविधाजनक बनाना है।

एनएचएआई के अनुसार राष्ट्रीय राजमार्ग से टोल प्लाजा पार करने के बाद वार्षिक पास वाले उपयोगकर्ताओं को राजमार्गयात्रा ऐप पर अपने अनुभव साझा करने के लिए सूचना मिलेगी। इसके अलावा, सभी उपयोगकर्ता ऐप के मेन्यू में उपलब्ध ‘टोल प्लाजा फीडबैक’ विकल्प के माध्यम से किसी भी टोल प्लाजा के बारे में अपनी प्रतिक्रिया दे सकेंगे।

इस सुविधा के तहत उपयोगकर्ता निर्धारित पैमाने पर अपने अनुभव की रेटिंग कर सकेंगे। वे अपनी यात्रा से संबंधित विकल्प चुनने के साथ जरूरत पड़ने पर टिप्पणी भी दर्ज कर सकेंगे। इससे टोल प्लाजा की सेवाओं से जुड़ी समस्याओं की पहचान करने और उन क्षेत्रों की निगरानी करने में मदद मिलेगी, जहां सुधार की आवश्यकता है।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

763588 Articles

Share this story