एनएचएआई ने घरौंडा टोल प्लाजा पर शुरू की बिना लेन वाली निर्बाध टोल प्रणाली

WhatsApp Channel Join Now
एनएचएआई ने घरौंडा टोल प्लाजा पर शुरू की बिना लेन वाली निर्बाध टोल प्रणाली


एनएचएआई ने घरौंडा टोल प्लाजा पर शुरू की बिना लेन वाली निर्बाध टोल प्रणाली


-प्राधिकरण ने एनएच-44 पर घरौंडा टोल प्लाजा पर मल्टी-लेन फ्री फ्लो टोलिंग शुरू की

नई दिल्ली, 25 जून (हि.स)। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) 44 के पानीपत–जालंधर खंड पर घरौंडा टोल प्लाजा में बहु लेन निर्बाध परिवहन (एमएलएफएफ) यानी बिना ‘अवरोधक’ वाली और प्रौद्योगिकी आधारित टोल प्रणाली शुरू की है।

सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने गुरुवार को जारी एक बयान में बताया कि भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने राष्ट्रीय राजमार्ग-44 के पानीपत-जालंधर खंड पर घरौंडा टोल प्लाजा पर मल्टी-लेन फ्री फ्लो (एमएलएफएफ) टोलिंग सिस्टम को शुरू कर दिया है। घरौंडा यह हरियाणा का पहला बैरियर-रहित टोल सिस्टम है, जहां वाहन बिना रुके और गति कम किए बिना गुजर सकते हैं और फास्टैग के जरिए अपने आप टोल कट जाएगा।

मंत्रालय ने कहा कि इस नई तकनीक की मदद से वाहनों को टोल चुकाने के लिए रुकने या धीमा करने की आवश्यकता नहीं होगी, जिससे यात्रा अधिक सुगम हो जाएगी। एनएचएआई ने इससे पहले गुजरात के चोर्यासी, दिल्ली के मुंडका टोल प्लाजा और राजस्थान के दौलतपुरा टोल प्लाजा पर मल्टी-लेन फ्री फ्लो टोलिंग को सफलतापूर्वक लागू कर दिया है। इसी कड़ी में घरौंदा टोल प्लाजा पर मल्टी-लेन फ्री फ्लो टोलिंग का कार्यान्वयन भारत के आधुनिक, कुशल और सुगम राजमार्ग नेटवर्क की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Share this story