राष्ट्रीय राजमार्गों के टोल प्लाजा पर बनेगी आधुनिक शौचालय सुविधा
नई दिल्ली, 30 जुलाई (हि.स.)। स्वच्छता और यात्री सुविधा बढ़ाने के लिए केंद्र सरकार राष्ट्रीय राजमार्गों के टोल प्लाज़ा पर विश्वस्तरीय सार्वजनिक शौचालय सुविधाएं विकसित करेगी।
सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने बताया कि एनएचएआई ने इसके लिए नया प्रदर्शन आधारित ढांचा तैयार किया है, जिसमें स्वच्छता, डिजिटल निगरानी और यात्री केंद्रित रखरखाव पर ध्यान दिया गया है। इस पहल के तहत पुराने शौचालय ब्लॉकों का नवीनीकरण किया जाएगा और नए शौचालय बनाए जाएंगे। इनका डिजाइन स्वदेशी और टिकाऊ होगा, जिसमें हरित भवन मानकों का पालन किया जाएगा।
नई व्यवस्था में इंटरनेट ऑफ थिंग्स आधारित लाइव टेलीमेट्री सिस्टम लगाया जाएगा, जिससे वास्तविक समय में रखरखाव की निगरानी हो सकेगी। साथ ही, सेवा गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए प्रदर्शन आधारित भुगतान प्रणाली लागू होगी। यात्री एनएचएआई के ‘राजमार्गयात्रा’ मोबाइल ऐप के जरिए अपनी प्रतिक्रिया भी दे सकेंगे।
इन शौचालयों में दिव्यांगजन के लिए बाधा रहित प्रवेश की सुविधा होगी। महिलाओं की सुरक्षा और गोपनीयता को ध्यान में रखते हुए विशेष प्रावधान किए जाएंगे। स्वच्छ जल आपूर्ति और आधुनिक स्वच्छता ढांचा भी इनका हिस्सा होगा।
एनएचएआई ने कहा कि इस पहल से यात्रियों का अनुभव बेहतर होगा और राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क पर सार्वजनिक सुविधाओं के नए मानक स्थापित होंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

