राष्ट्रीय राजमार्गों पर यातायात शुरू होने से पहले एम्बुलेंस और क्रेन की व्यवस्था अनिवार्य करेगा एनएचएआई
नई दिल्ली, 25 नवंबर (हि.स.)। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने राष्ट्रीय राजमार्गों पर यातायात शुरू करने से पहले घटना प्रबंधन सेवाओं (आईएमएस) की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए नए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत राजमार्गों पर एम्बुलेंस, गश्ती वाहन और खराब वाहनों को हटाने के लिए टो-अवे क्रेन की व्यवस्था अनिवार्य होगी। इसका उद्देश्य सड़क हादसों, वाहन खराब होने और अन्य आपात स्थितियों में राजमार्ग यात्रियों को समय पर सहायता उपलब्ध कराना है।
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने बुधवार को बताया कि इन सेवाओं को एनएचएआई की राष्ट्रीय राजमार्ग हेल्पलाइन 1033 से जोड़ा जाएगा। साथ ही मौके पर तैनात टीमों का स्थानीय पुलिस, अग्निशमन सेवाओं और अस्पतालों के साथ समन्वय सुनिश्चित किया जाएगा।
दिशा-निर्देशों के अनुसार पहले से संचालित राष्ट्रीय राजमार्गों पर दुर्घटनाओं के आंकड़ों और संबंधित मार्ग की जरूरत के आधार पर टोल प्लाजा या अन्य उपयुक्त स्थानों पर एम्बुलेंस तैनात की जाएंगी।
मंत्रालय की ओर से एनएचएआई को सौंपे गए राष्ट्रीय राजमार्गों पर एम्बुलेंस की तैनाती केंद्रीयकृत एजेंसी के माध्यम से की जाएगी। इसके लिए एनएचएआई के क्षेत्रीय कार्यालयों को निर्धारित अधिकार दिए गए हैं। वहीं गश्ती वाहनों और टो-अवे क्रेन की व्यवस्था अलग-अलग निविदाओं या राजमार्गों के रखरखाव एवं सुदृढ़ीकरण कार्यों के तहत की जाएगी।
इसके अलावा ऐसे राष्ट्रीय राजमार्ग जो मंत्रालय की ओर से एनएचएआई को नहीं सौंपे गए हैं, लेकिन जिन पर एनएचएआई टोल वसूलता है, वहां भी घटना प्रबंधन सेवाओं की तैनाती मंत्रालय की निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार होगी। ऐसे मार्गों पर एम्बुलेंस एनएचएआई की केंद्रीयकृत एजेंसी के माध्यम से मंत्रालय के संबंधित क्षेत्रीय कार्यालय या एनएचआईडीसीएल के समन्वय से तैनात की जाएंगी। गश्ती वाहनों और टो-अवे क्रेन की व्यवस्था संबंधित प्राधिकरण करेगा।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

