राष्ट्रीय वित्तीय साक्षरता क्विज़ 2026 : आईआईएम काशीपुर और केसी कॉलेज (मुंबई) की एनआईएसएम ग्रैंड फिनाले में जीत

WhatsApp Channel Join Now
राष्ट्रीय वित्तीय साक्षरता क्विज़ 2026 : आईआईएम काशीपुर और केसी कॉलेज (मुंबई) की एनआईएसएम ग्रैंड फिनाले में जीत


राष्ट्रीय वित्तीय साक्षरता क्विज़ 2026 : आईआईएम काशीपुर और केसी कॉलेज (मुंबई) की एनआईएसएम ग्रैंड फिनाले में जीत


- सेबी की क्षमता-विकास पहल एनआईएसएम का आयोजन

मुंबई, 29 नवंबर (हि.स.)। राष्ट्रीय वित्तीय साक्षरता क्विज़ 2026 में आईआईएम काशीपुर, उत्तराखंड और केसी कॉलेज (मुंबई) की एनआईएसएम ग्रैंड फिनाले में जीत दर्ज की है।

नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ सिक्योरिटीज मार्केट्स (एनआईएसएम) ने सिक्योरिटीज एंड एक्सचेंज बोर्ड ऑफ इंडिया (सेबी) के सहयोग से नेशनल फाइनेंशियल लिटरेसी क्विज़ (एनएफएलक्यू) 2026 का राष्ट्रीय ग्रैंड फिनाले 28 और 29 नवंबर 2026 को महाराष्ट्र के रायसानी, पातालगंगा स्थित एनआईएसएम परिसर में आयोजित किया।

इस दो दिवसीय आयोजन में देशभर की स्नातक और स्नातकोत्तर स्तर की शीर्ष टीमों ने हिस्सा लिया। इन टीमों ने वित्तीय बाजारों, निवेश के सिद्धांतों, निवेशक संरक्षण और जिम्मेदार वित्तीय व्यवहार से जुड़े सवालों पर आधारित रोचक क्विज़ में प्रतिस्पर्धा की।

राष्ट्रीय वित्तीय साक्षरता क्विज़ 2026 में कॉलेज स्तर और ऑनलाइन क्वालिफाइंग राउंड के माध्यम से चार लाख से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया। इसके बाद भारत के छह क्षेत्रों—पूर्वी, दक्षिणी, उत्तरी, मध्य, पश्चिमी और उत्तर-पूर्वी—में क्षेत्रीय राउंड आयोजित किए गए। इन राउंड की शीर्ष टीमों ने राष्ट्रीय फिनाले में जगह बनाई और स्नातक तथा स्नातकोत्तर श्रेणियों में राष्ट्रीय सम्मान के लिए मुकाबला किया।

शीर्ष प्रदर्शन करने वाली टीमों को सम्मानित किया गया। प्रथम स्थान के लिए ₹1,50,000, द्वितीय स्थान के लिए ₹1,00,000 और तृतीय स्थान के लिए ₹60,000 नकद पुरस्कार दिए गए। इन पुरस्कारों के माध्यम से उनके ज्ञान, प्रदर्शन और भारत के वित्तीय बाजारों की समझ का सम्मान किया गया।

सेबी के पूर्णकालिक सदस्य के.व्ही.आर. मूर्ति ने कहा, “एनएफएलक्यू 2026 में चार लाख से अधिक विद्यार्थियों की भागीदारी का अर्थ है कि इतने ही परिवार इस पहल से जुड़े हैं। देशभर में वित्तीय साक्षरता का संदेश पहुंचाने के लिए आप हमारे सबसे अच्छे ब्रांड एंबेसडर हैं। यदि हमारा लक्ष्य 2047 तक विकसित भारत बनाना है, तो सिक्योरिटीज मार्केट से दीर्घकालिक जोखिम पूंजी का आना जरूरी है। और इस पूंजी को बाजार तक लाने के लिए वित्तीय साक्षरता वह बुनियादी स्तंभ है, जिस पर विकसित भारत की इमारत खड़ी होगी। इस मिशन को आगे बढ़ाइए। यह आपकी यात्रा का अंत नहीं, बल्कि शुरुआत है।”

सेबीके कार्यकारी निदेशक संजय पुरो ने कहा, “डिजिटल बुनियादी ढांचे और कम उम्र में बाजार में प्रवेश करने वाले युवा निवेशकों के कारण आज भारत के पूंजी बाजारों में खुदरा भागीदारी ऐतिहासिक स्तर पर पहुंच गई है। लेकिन इस वृद्धि के साथ अपंजीकृत इन्फ्लुएंसर्स, अनचाही शेयर टिप्स और सट्टेबाजी को निवेश समझने जैसी समस्याएं भी सामने आई हैं। इनका मुकाबला करने के लिए SEBI निवेशक जागरूकता अभियान चला रहा है। प्रोजेक्ट जागके जरिए वित्तीय शिक्षा जिला स्तर तक पहुंचाई जा रही है। आम नागरिकों को वित्तीय जाल पहचानने और उनसे बचने के लिए सक्षम बनाया जा रहा है। वास्तविक सुरक्षा की शुरुआत वित्तीय शिक्षा से होती है।”

एनआयएसएम के निदेशक शशि कृष्णन ने कहा, “आज की युवा पीढ़ी केवल कल के बाजार का हिस्सा नहीं है; आप ही बाजार हैं। निवेश की शुरुआत करते समय विश्वसनीय जानकारी के स्रोतों पर भरोसा करें और सवाल पूछने में कभी संकोच न करें। उतना ही जरूरी है निवेश को नियमित रूप से देखना, गलतियों को स्वीकार करना और उनसे सीखना। जानकारी सामने आने के डर को भी दूर करें। वित्तीय साक्षरता जीवन का एक कौशल है, जिसे हर व्यक्ति को विकसित करना चाहिए।”

राष्ट्रीय वित्तीय साक्षरता क्विज़ 2026 के ग्रैंड फिनाले के विजेताओं की घोषणा निम्नानुसार की गई

स्नातक श्रेणी

प्रथम पुरस्कार : गौरी संजय घुगे और जय महेंद्र सुराणा—वाणिज्य विभाग, के.सी. काॅलेज, मुंबई, महाराष्ट्र

द्वितीय पुरस्कार : अनिरुद्ध रुद्र और मोहिक्षित गोस्वामी—कला विभाग, काॅटन युनिव्हर्सिटी, गुवाहाटी, असम

तृतीय पुरस्कार : अर्तिका घोष और अनामिका शॉ—वाणिज्य विभाग, सेट झेविअर्स काॅलेज (स्वायत्त), पार्क स्ट्रीट, कोलकाता, पश्चिम बंगाल

स्नातकोत्तर श्रेणी

प्रथम पुरस्कार : निशांत बजाज और निश्चय गोएंका— प्रबंधन विभाग, आईआईएम काशीपुर, उत्तराखंड

द्वितीय पुरस्कार : सुश्रूत अग्रवाल, और सिद्धांत तावरे—वित्त एवं लेखा विभाग, आईआईएम रायपुर, छत्तीसगढ़

तृतीय पुरस्कार : आदर्श अग्रवाल और आदर्श जैन — वाणिज्य विभाग, महाराजा अग्रसेन आंतरराष्ट्रीय महाविद्यालय, रायपुर, छत्तीसगढ़

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुधांशू जोशी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

785463 Articles

Share this story