कोलकाता होटल अग्निकांड के बाद ट्रेड लाइसेंस और अग्नि सुरक्षा पर उठे सवाल, राज्य सरकार ने जांच के दिए संकेत

WhatsApp Channel Join Now
कोलकाता होटल अग्निकांड के बाद ट्रेड लाइसेंस और अग्नि सुरक्षा पर उठे सवाल, राज्य सरकार ने जांच के दिए संकेत


कोलकाता, 19 अगस्त (हि.स.)। कोलकाता के न्यू मार्केट थाना क्षेत्र के मिर्जा गालिब स्ट्रीट स्थित होटल में हुए भीषण अग्निकांड में नौ लोगों की मौत के बाद होटल को मिले ट्रेड लाइसेंस, बिजली कनेक्शन और अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। राज्य की नगर विकास मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने बुधवार को घटनास्थल का दौरा कर होटल को कथित तौर पर नियमों के उल्लंघन के बावजूद अनुमति मिलने पर सवाल उठाए।

अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि पांच मंजिला इमारत में कई होटल संचालित हो रहे थे। कमरों का आकार छोटा था और प्रवेश तथा निकास के रास्ते भी संकरे थे। उन्होंने कहा कि वहां आपातकालीन निकासी की पर्याप्त व्यवस्था और आग बुझाने के जरूरी इंतजाम भी नजर नहीं आए। ऐसे में संबंधित एजेंसियों से मंजूरी कैसे मिली, इसकी जांच होनी चाहिए।

मंत्री ने पूर्व नगर मंत्री और कोलकाता के पूर्व मेयर फिरहाद हाकिम पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पिछले करीब 15 वर्षों में राज्य में बड़ी संख्या में अवैध तरीके से होटल कारोबार विकसित हुआ और पिछली सरकार के कार्यकाल में ऐसी इकाइयों का समुचित निरीक्षण या ऑडिट नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार को सत्ता में आए अभी करीब 100 दिन हुए हैं और इतने कम समय में पूरे राज्य में ऐसी सभी इकाइयों की पहचान करना संभव नहीं है।

अग्निमित्रा पॉल ने कहा, ‘‘मेरी जगह पर जो पहले थे, उन्होंने क्या किया? ट्रेड लाइसेंस किसने दिया? सीईएससी ने अनुमति कैसे दी? एक एसी की अनुमति लेकर 10 एसी चलाए गए।’’

पूर्व मेयर फिरहाद हाकिम के खिलाफ कार्रवाई के सवाल पर उन्होंने कहा कि पूरे मामले की रिपोर्ट मुख्यमंत्री को सौंपी जाएगी और जिम्मेदारी तय करने के लिए जांच की जाएगी।

लाइसेंस देखना मेयर का काम नहीं : फिरहाद

इधर, फिरहाद हाकिम ने आरोपों पर सफाई देते हुए कहा कि किसी होटल के पास ट्रेड लाइसेंस है या नहीं, यह देखना मेयर की जिम्मेदारी नहीं है। उन्होंने कहा कि होटल के पास अग्निशमन लाइसेंस था या नहीं और अग्नि सुरक्षा ऑडिट हुआ था या नहीं, इसकी जानकारी अग्निशमन विभाग ही दे सकता है। उन्होंने कहा कि इन चीजों की जांच मेयर के स्तर पर संभव नहीं है।

राज्य के अग्निशमन राज्य मंत्री कौशिक चौधरी ने भी आरोप लगाया कि अग्निशमन विभाग के मुख्यालय के पास स्थित यह होटल वैध अनुमति के बिना संचालित हो रहा था। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार की गलतियों का खामियाजा मौजूदा सरकार को भुगतना पड़ रहा है।

उल्लेखनीय है कि इस अग्निकांड में नौ लोगों की मौत हुई है। मृतकों की नागरिकता को लेकर भी जांच जारी है। बांग्लादेश के उप उच्चायुक्त मोहम्मद खालिद ने कोलकाता मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के आपातकालीन विभाग का दौरा कर पुलिस से जानकारी ली। उन्होंने प्रारंभिक जानकारी के आधार पर बताया कि मृतकों में एक झारखंड निवासी और आठ लोगों के बांग्लादेशी होने की आशंका है। हालांकि, नागरिकता की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

Share this story