नेपाल से बहकर आ रहे शव, कुशीनगर में अब तक 13 शव बरामद

WhatsApp Channel Join Now
नेपाल से बहकर आ रहे शव, कुशीनगर में अब तक 13 शव बरामद


कुशीनगर, 31 अगस्त (हि.स.)। नेपाल में आई भीषण बाढ़ की तबाही का असर उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में भी दिखाई दे रहा है। नेपाल से निकलने वाली नारायणी नदी (भारत में गंडक नदी) कुशीनगर में इन दिनों उफान पर है।नदी की तेज धारा में नेपाल से बहकर मानव शव कुशीनगर में गंडक नदी तक पहुंच रहे हैं। इसके अलावा बड़ी संख्या में मृत पशु और अन्य सामान भी नदी में बहकर आ रहे हैं।

जिला प्रशासन के मुताबिक, गंडक नदी से अब तक 13 शव बरामद किए जा चुके हैं।शव की बरामदगी के लिए प्रशासन की निगरानी में एसडीआरएफ की टीम नदी और आसपास के क्षेत्रों में लगातार अभियान चला रही है।नदी की तेज धारा और प्रतिकूल परिस्थितियों के बीच रेस्क्यू टीम को अभियान के दौरान विशेष सावधानी बरतनी पड़ रही है। प्रशासन ने नदी क्षेत्र में निगरानी भी बढ़ा दी है।

बरामद 13 शव में से छह को कुशीनगर राजकीय मेडिकल कॉलेज की मॉर्चरी के डीप फ्रीजर में सुरक्षित रखा गया है। वहीं, सात शव को गोरखपुर स्थित एम्स भेजा गया है, जहां पोस्टमार्टम और अन्य आवश्यक चिकित्सकीय प्रक्रिया पूरी की जा रही है।सभी की पहचान कराने के लिए प्रशासन की ओर से आवश्यक कानूनी प्रक्रिया भी पूरी की जा रही है।

जिला प्रशासन बरामद सभी अज्ञात शवों की जानकारी नेपाल सरकार और संबंधित अधिकारियों को उपलब्ध करा रहा है। प्रशासन का प्रयास है कि शव की पहचान कर उन्हें उनके परिजनों तक पहुंचाया जा सके। इसके लिए नेपाल प्रशासन के साथ भी लगातार समन्वय स्थापित किया जा रहा है।

मुख्य विकास अधिकारी वंदिता श्रीवास्तव ने बताया कि बरामद सभी शव की पहचान, पोस्टमार्टम और अन्य आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्हें नेपाल प्रशासन को सौंपने की कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए नेपाल के संबंधित अधिकारियों से संपर्क और समन्वय किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि यदि नदी में शव मिलने का सिलसिला जारी रहता है तो रेस्क्यू और निगरानी अभियान भी लगातार जारी रखा जाएगा।फिलहाल प्रशासन की टीमें स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और नदी क्षेत्र में किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां की गई हैं।

---------

हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

Share this story