नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह 22-23 नवंबर को भारत की राजकीय यात्रा पर आएंगे
नई दिल्ली, 20 नवंबर (हि.स.)। नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह 22 और 23 नवंबर को भारत की राजकीय यात्रा पर आएंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के निमंत्रण पर हो रही यह यात्रा मार्च 2026 में पदभार संभालने के बाद उनकी पहली भारत यात्रा होगी।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, यात्रा के दौरान नेपाल के प्रधानमंत्री राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करेंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 23 नवंबर को बालेन्द्र शाह के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। इस दौरान दोनों नेता भारत-नेपाल संबंधों के सभी पहलुओं की समीक्षा करने के साथ आपसी हितों से जुड़े क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान करेंगे।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, यह यात्रा दोनों देशों के बीच नियमित उच्चस्तरीय आदान-प्रदान की परंपरा को आगे बढ़ाएगी। यह भारत की ‘पड़ोसी प्रथम’ नीति के तहत नेपाल के साथ संबंधों को दिए जाने वाले महत्व को भी दर्शाती है। यात्रा से द्विपक्षीय साझेदारी को और मजबूत करने तथा पारस्परिक लाभ के सहयोग को आगे बढ़ाने का अवसर मिलेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

