परमाणु ऊर्जा नवाचार शिखर सम्मेलन के लिए भारत को आमंत्रण

WhatsApp Channel Join Now
परमाणु ऊर्जा नवाचार शिखर सम्मेलन के लिए भारत को आमंत्रण


नई दिल्ली, 09 मई (हि.स.)। अफ्रीकी देश रवांडा के राष्ट्रपति की तरफ से जैकलीन मुकांगिरा ने शनिवार को प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्यमंत्री डॉ. जितेन्द्र सिंह से मुलाकात कर उन्हें ‘अफ्रीका के लिए परमाणु ऊर्जा नवाचार शिखर सम्मेलन (एऩईआईएसए 2026)’ में शामिल होने का निमंत्रण सौंपा। यह अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन 18 से 21 मई तक किगाली में आयोजित होगा।

यह सम्मेलन अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए), संयुक्त राष्ट्र आर्थिक आयोग फॉर अफ्रीका (यूनेका), विश्व परमाणु संघ समेत कई अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। इसमें परमाणु ऊर्जा, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मैन्युफैक्चरिंग और भविष्य की ऊर्जा साझेदारियों पर चर्चा होगी।

डॉ. जितेंद्र सिंह ने रवांडा दौरे पर असमर्थता जताई, लेकिन वर्चुअली सम्मेलन में शामिल होकर संबोधित करने पर सहमति दी। बैठक के दौरान भारत और रवांडा के बीच विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, परमाणु ऊर्जा, डिजिटल क्षमता निर्माण और उभरती तकनीकों में सहयोग बढ़ाने पर भी बातचीत हुई।

डॉ. सिंह ने कहा कि भारत परमाणु ऊर्जा, अंतरिक्ष तकनीक, बायोटेक्नोलॉजी और एआई जैसे क्षेत्रों में तेजी से आगे बढ़ रहा है। भारत उभरती और परिवर्तनकारी तकनीकों में वैश्विक सहयोग को अहम मानता है और ग्लोबल साउथ देशों के साथ विज्ञान, नवाचार और सतत विकास के क्षेत्र में साझेदारी मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।

रवांडा प्रतिनिधिमंडल ने भारत की वैज्ञानिक और तकनीकी क्षमताओं में गहरी रुचि दिखाई और भारतीय संस्थानों के साथ साझेदारी बढ़ाने की इच्छा जताई। दोनों देशों के बीच रिसर्च, शिक्षा, इनोवेशन और क्षमता निर्माण को लेकर भी चर्चा हुई।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Share this story