नीट-यूजी 2026 पुनर्परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक और बिक्री के दावे फर्जी, अफवाहों से सावधान रहें : एनटीए
नई दिल्ली, 06 जून (हि.स.)। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने शनिवार को सोशल मीडिया और विभिन्न मैसेजिंग प्लेटफॉर्म पर प्रसारित उन दावों को पूरी तरह फर्जी और भ्रामक बताया है, जिनमें नीट (यूजी) 2026 पुनर्परीक्षा के प्रश्नपत्र के लीक होने, पहले से उपलब्ध होने या बिक्री किए जाने की बात कही जा रही है।
एनटीए ने एक बयान में कहा कि इस प्रकार की अफवाहें संगठित नकल एवं ठगी गिरोहों द्वारा फैलाई जा रही हैं, जिनका उद्देश्य छात्रों और उनके अभिभावकों की चिंता का फायदा उठाकर उनसे पैसे ऐंठना है। एजेंसी ने स्पष्ट किया कि प्रश्नपत्र लीक या बिक्री से जुड़े सभी दावे पूरी तरह मनगढ़ंत हैं।
एनटीए के अनुसार परीक्षा प्रक्रिया की निष्पक्षता और सुरक्षा पूरी तरह बरकरार है तथा परीक्षा को सुरक्षित और पारदर्शी ढंग से आयोजित करने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।
एजेंसी ने बताया कि ऐसे भ्रामक संदेश फैलाने वाले चैनलों, सोशल मीडिया खातों और सामग्री की पहचान कर उन्हें संबंधित प्लेटफॉर्म तथा साइबर अपराध एजेंसियों को रिपोर्ट किया जा रहा है, ताकि तत्काल कार्रवाई की जा सके।
एनटीए ने यह भी कहा कि इस मामले में कानून-प्रवर्तन और साइबर अपराध अधिकारियों के पास औपचारिक शिकायत दर्ज कराई जा रही है। फर्जी सामग्री तैयार करना, प्रसारित करना या उसे आगे बढ़ाना तथा छात्रों को ठगने का प्रयास करना गंभीर दंडनीय अपराध है, जिसके लिए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
एजेंसी ने अभ्यर्थियों और अभिभावकों से अपील की है कि वे ऐसे किसी भी संदेश पर विश्वास न करें, किसी को पैसे न दें और न ही ऐसी सामग्री को आगे साझा करें।
एनटीए ने कहा कि नीट (यूजी) 2026 से जुड़ी सभी आधिकारिक जानकारियों के लिए केवल एजेंसी की आधिकारिक वेबसाइट और सत्यापित माध्यमों पर ही भरोसा किया जाना चाहिए। किसी भी महत्वपूर्ण सूचना की घोषणा केवल आधिकारिक चैनलों के माध्यम से ही की जाएगी।
एनटीए ने परीक्षा में शामिल होने वाले सभी अभ्यर्थियों से आत्मविश्वास के साथ अपनी तैयारी जारी रखने का आग्रह करते हुए कहा कि उनकी मेहनत ही सबसे महत्वपूर्ण है और एजेंसी निष्पक्ष, सुरक्षित तथा विश्वसनीय परीक्षा आयोजित कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
उल्लेखनीय है कि मेडिकल कोर्स में एडमिशन के लिए नीट (यूजी) 2026 इस साल 3 मई को हुई थी, लेकिन पेपर लीक के आरोपों के बीच एनटीए ने 12 मई को इसे कैंसिल कर दिया था। सीबीआई अभी इस मामले की जांच कर रही है। ऐसे में नीट (यूजी) 2026 की पुनर्परीक्षा 21 जून को आयोजित की जानी है। परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक ऑफलाइन (पेन और पेपर मोड) में होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

