सीजेपी का प्रदर्शन तीसरे दिन जारी, पुलिस ने भोजन वितरित करने वालों का आधार मांगे जाने के आरोप का किया खंडन
नई दिल्ली, 22 जून (हि.स.)। दिल्ली के जंतर-मंतर पर सोशल मीडिया अभियान कॉकरेच जनता पार्टी (सीजेपी) का प्रदर्शन तीसरे दिन जारी है। शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर अभियान प्रमुख अभिजीत दिपके ने 20 जून को समर्थकों के साथ धरना शुरु किया था।
दिपके ने आज आरोप लगाया कि प्रदर्शन करने वालों के लिए भोजन वितरण करने वालों का पुलिस आधार और पता मांग रही है। हालांकि पुलिस ने इससे इनकार किया है। नई दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) का कहना है कि यह जानकारी तथ्यों के आधार पर गलत है। दिल्ली पुलिस न तो आधार कार्ड की जांच कर रही है और न ही जंतर-मंतर पर किसी व्यक्ति के आधार या पते की जानकारी इकट्ठा कर रही है।
प्रदर्शनकारियों ने आज नीट में देरी के चलते छात्रों को परीक्षा नहीं दिए जाने का मुद्दा उठाया। प्रदर्शन करने वालों का कहना था कि सिस्टम बच्चों की चंद मिनटों की देरी पर बेहद सख्त रवैया रखता लेकिन जब पेपर लीक जैसे बड़े घोटाले होते हैं, तो यही सिस्टम चुप्पी साध लेता है। इसके अलावा प्रदर्शनकारियों ने उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी) से तत्काल संज्ञान लेकर रिजल्ट जारी करने की भी मांग की है।
इसी बीच भारत-अमेरिका व्यापार समझौते का विरोध कर रहे भारतीय किसान यूनियन (चारुनी गुट) ने सीजेपी को समर्थन दिया है।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

