सीजेपी का जंतर मंतर पर प्रदर्शन दूसरे दिन भी जारी

WhatsApp Channel Join Now
सीजेपी का जंतर मंतर पर प्रदर्शन दूसरे दिन भी जारी


नई दिल्ली, 21 जून (हि.स.) । सोशल मीडिया अभियान 'कॉकरोच जनता पार्टी' (सीजेपी) का दूसरे दिन भी दिल्ली के जंतर मंतर पर प्रदर्शन जारी रहा। सीजेपी का कहना है कि वह रविवार रात को भी अपना प्रदर्शन जारी रखेगी।

अभियान के प्रमुख अभिजीत दिपके लगातार लोगों से उनके अभियान से जुड़ने की अपील कर रहे हैं। उनकी मांग है कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना चाहिए। रविवार को दिपके ने दिल्ली से सटे राज्यों के लोगों से जंतर-मंतर पर किए जा रहे प्रदर्शन में शामिल होने का आह्वान किया है।

कॉकरोच जनता पार्टी के प्रमुख अभिजीत दिपके ने एक्स पर जारी वीडियो में कहा, नाव ऑर नेवर (अब नहीं तो कभी नहीं)। अगर आज आप लोग घरों से बाहर नहीं निकले, तो सिस्टम को बदलने और जवाबदेही लाने की जो उम्मीद इस देश में जगी है, वह हमेशा के लिए मर जाएगी। इस उम्मीद को बचाए रखना केवल हमारी नहीं, बल्कि वीडियो देख रहे हर नागरिक की जिम्मेदारी है।

सीजेपी प्रमुख ने कहा कि पुलिस किसी को रोक नहीं रही है, सभी को अंदर आने दिया जा रहा है। मैं दिल्ली पुलिस को धन्यवाद देना चाहता हूँ कि वे संविधान का पालन कर रहे हैं और लोकतंत्र के साथ खड़े हैं।

जंतर-मंतर पर भारी संख्या में एकत्रित प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से तुरंत पद छोड़ने की मांग की है। इस दौरान यहाँ एकजुट छात्रों के हांथों में थाली देखी गयीं जिसको बजाकर प्रधान के खिलाफ इस्तीफा दो के नारे लगा रहे थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Share this story