नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर यातायात सुधार को लेकर संयुक्त बैठक का आयोजन
नई दिल्ली, 13 अप्रैल (हि.स.)। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के प्रवेश और निकास पॉइंट, विशेष रूप से अजमेरी गेट क्षेत्र में सुचारू यातायात सुनिश्चित करने के लिए मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, नई दिल्ली में एक संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधक (दिल्ली) पुष्पेश रमण त्रिपाठी ने की।
बैठक में दिल्ली मंडल, दिल्ली यातायात पुलिस, दिल्ली नगर निगम, जीआरपी और रेलवे सुरक्षा बल के अधिकारियों ने भाग लिया। इस दौरान स्टेशन परिसर और आसपास वाहनों तथा पैदल यात्रियों की आवाजाही को व्यवस्थित करने और समग्र यातायात प्रबंधन में सुधार लाने पर विस्तृत चर्चा हुई।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मुख्य उद्देश्य नई दिल्ली रेलवे स्टेशन आने-जाने वाले यात्रियों और आम जनता के लिए बाधा-मुक्त और सुचारू आवागमन सुनिश्चित करना है।
बैठक में वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त आशुतोष पांडे, डीसीपी ट्रैफिक निशांत गुप्ता, अतिरिक्त डीसीपी-1 (मध्य जिला) ऋषि कुमार, दिल्ली नगर निगम के प्रशासनिक अधिकारी संजय कुमार, एसीपी एवं जीआरपी संजय भारद्वाज समेत अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में निर्णय लिया गया कि अजमेरी गेट की ओर स्थित प्रवेश और निकास बिंदुओं पर अवैध विक्रेताओं और यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सभी एजेंसियां आपसी समन्वय के साथ काम करेंगी, ताकि यात्रियों और आम जनता के लिए आवागमन को व्यवस्थित और निर्बाध बनाया जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

