संघर्षों का विस्तार अब साइबर व अंतरिक्ष जैसे नए क्षेत्रों तक फैला : राजनाथ सिंह

WhatsApp Channel Join Now
संघर्षों का विस्तार अब साइबर व अंतरिक्ष जैसे नए क्षेत्रों तक फैला : राजनाथ सिंह

- रक्षा मंत्री ने खडकवासला में एनडीए के 151वें पाठ्यक्रम की पासिंग आउट परेड का निरीक्षण किया

नई दिल्ली, 29 नवंबर (हि.स.)। महाराष्ट्र के खड़कवासला में राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए) से 151वां पाठ्यक्रम पूरा करके निकले 1,250 नए-नवेले सेना के जवानों ने पासिंग आउट परेड में पूरे अनुशासन, लय और तालमेल के साथ ‘अंतिम पग’ पार किया। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पासिंग आउट परेड का निरीक्षण करने के बाद तेजी से बदलते वैश्विक सुरक्षा परिदृश्य के मद्देनजर राष्ट्रीय सुरक्षा की चुनौतियों से निपटने के लिए स्वदेशी समाधान विकसित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। रक्षा मंत्री ने कहा कि दुनिया बड़े भू-राजनीतिक बदलावों और तकनीकी प्रगति के दौर से गुजर रही है। इन बदलावों ने युद्ध के स्वरूप को पूरी तरह बदल दिया है।

एनडीए की इस परेड में कुल 1,250 कैडेटों ने भाग लिया, जिनमें पासिंग आउट कोर्स के 369 कैडेट शामिल थे। परेड का संचालन एडजुटेंट लेफ्टिनेंट कर्नल अविनाश पांडे ने अपने घोड़े ‘रिलायंट रॉबिन’ पर सवार होकर किया। परेड की कमान किलो स्क्वाड्रन के अकादमी कैडेट कैप्टन (एसीसी) सार्थक राज सागर पाटिल ने संभाली। समीक्षा अधिकारी ने समग्र योग्यता सूची में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले बटालियन कैडेट कैप्टन अंकित कुमार सिंह को ‘प्रेसिडेंट्स गोल्ड मेडल’ प्रदान किया। दूसरे स्थान पर रहे अकादमी कैडेट कैप्टन सार्थक राज सागर पाटिल को ‘प्रेसिडेंट्स सिल्वर मेडल’ और तीसरा स्थान प्राप्त करने वाले अकादमी कैडेट एडजुटेंट ऋषि को ‘प्रेसिडेंट्स ब्रॉन्ज मेडल’ से सम्मानित किया गया।

समारोह का समापन सुखोई-30 लड़ाकू विमानों के शानदार हवाई प्रदर्शन के साथ हुआ। इस अवसर पर बड़ी संख्या में कैडेटों के अभिभावक, गणमान्य व्यक्ति, स्कूली बच्चे, आम नागरिक तथा सेवारत और सेवानिवृत्त सैन्य कर्मी उपस्थित रहे। समारोह में राष्ट्रीय रक्षा अकादमी के कमांडेंट वाइस एडमिरल अनिल जग्गी सहित कई वरिष्ठ सैन्य अधिकारी भी मौजूद थे। स्नातक की पढ़ाई पूरी करने के बाद ये कैडेट एनडीए के पूर्व छात्र के रूप में अपनी-अपनी सेवाओं और प्री-कमीशनिंग प्रशिक्षण अकादमियों में आगे का प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए जाएंगे। वे इस प्रतिष्ठित संस्थान की उत्कृष्टता, समावेशिता और राष्ट्र सेवा की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाएंगे।

इस अवसर पर रक्षा मंत्री ने ‘हट ऑफ रिमेंब्रेंस’ पर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसे राष्ट्रीय रक्षा अकादमी का सबसे पवित्र स्थल माना जाता है। 10वें से 17वें कोर्स के कैडेटों ने श्रमदान से इसका निर्माण किया था। यह स्मारक द्वितीय विश्वयुद्ध और स्वतंत्रता के बाद जम्मू-कश्मीर में हुए सैन्य अभियानों के दौरान भारतीय सैनिकों के सर्वोच्च बलिदान की स्मृति में बनाया गया था। बाद में यह उन पूर्व एनडीए अधिकारियों की स्मृति को समर्पित एक जीवंत स्मारक बन गया, जिन्होंने राष्ट्र की सेवा में अपने प्राण न्योछावर किए। साथ ही यहां उन एनडीए कैडेटों की स्मृतियां भी संजोई गई हैं, जिनका प्रशिक्षण के दौरान दुर्भाग्यवश निधन हो गया था।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अपने संबोधन में कठिन प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने वाले कैडेटों को बधाई दी। उन्होंने कैडेटों से स्वतंत्रता सेनानियों और सशस्त्र बलों के जवानों की गौरवशाली विरासत को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। रक्षा मंत्री ने कहा कि इन वीरों के बलिदान एवं शौर्य ने देश की स्वतंत्रता सुनिश्चित की है और आज भी हमारे सशस्त्र बल देश की संप्रभुता की रक्षा कर रहे हैं। राजनाथ सिंह ने कहा कि अब संघर्ष केवल थल, जल और वायु तक सीमित नहीं हैं बल्कि साइबर व अंतरिक्ष जैसे नए क्षेत्रों तक फैल चुके हैं। उन्होंने कहा कि युद्ध में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की भूमिका भी लगातार बढ़ रही है। प्रशिक्षण के तरीके समय के साथ विकसित हो रहे हैं, ऐसे में कैडेटों में निरंतर सीखने की भावना बनी रहनी चाहिए।

रक्षा मंत्री ने भारत में हो रहे जनसांख्यिकीय बदलावों का उल्लेख करते हुए कहा कि देश को ऐसे भविष्य के लिए तैयार रहना चाहिए, जहां तकनीकी क्षमताएं और मशीनी शक्ति मानव संसाधन की पूरक बनकर अधिक प्रभावी भूमिका निभाएंगी। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे भारत की क्षमताओं को मजबूत करने और देश को वैश्विक स्तर पर अग्रणी बनाने के लिए अपनी बौद्धिक क्षमता व मानव संसाधन के सामंजस्यपूर्ण उपयोग पर ध्यान दें। राजनाथ सिंह ने सैन्य नेतृत्व में विश्वास और सामूहिक प्रयास के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सैनिक अपने वरिष्ठ का अनुसरण केवल उनके पद या अधिकार के कारण नहीं करते बल्कि इसलिए करते हैं क्योंकि वे उनका विश्वास जीतते हैं और सम्मान अर्जित करते हैं।

रक्षा मंत्री ने भविष्य के सैन्य नेतृत्व कर्ताओं को तैयार करने में योगदान के लिए कैडेटों के परिवारों और प्रशिक्षकों की सराहना की। उन्होंने कहा कि जब युवा कम उम्र में ही देश की सेवा के लिए अपना घर छोड़ते हैं तो उनके परिवारों को भी कई चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। कैडेटों को अपने परिवारों के विश्वास एवं त्याग का सम्मान करना चाहिए तथा अपने माता-पिता, गुरुओं और देश का नाम रोशन करना चाहिए। राजनाथ सिंह ने मित्र राष्ट्र के कैडेटों को संबोधित करते हुए भारतीय कैडेटों के साथ उनके प्रशिक्षण को दोनों देशों के बीच मजबूत रक्षा संबंधों और मित्रता का प्रतीक बताया।

हिन्दुस्थान समाचार/सुनीत निगम

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

785172 Articles

Share this story