एनडीए गठबंधन 400 से अधिक लोकसभा सीटें जीत रहा: राजनाथ सिंह

एनडीए गठबंधन 400 से अधिक लोकसभा सीटें जीत रहा: राजनाथ सिंह
WhatsApp Channel Join Now
एनडीए गठबंधन 400 से अधिक लोकसभा सीटें जीत रहा: राजनाथ सिंह


एनडीए गठबंधन 400 से अधिक लोकसभा सीटें जीत रहा: राजनाथ सिंह


-2024 और 2029 में भी मोदी को प्रधानमंत्री के रूप में देखना चाहती है जनता

लखनऊ, 16 मई (हि.स.)। भारत के रक्षामंत्री व लखनऊ से भाजपा के लोकसभा प्रत्याशी राजनाथ सिंह ने राजाजीपुरम में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा के नेतृत्व वाला एनडीए गठबंधन इस बार 400 से अधिक सीटें जीतने जा रहा है। दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल की कड़ी आलोचना करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि राजनीति केवल झूठ बोलकर नहीं की जानी चाहिए। नरेन्द्र मोदी सर्वमान्य नेता हैं। ऐसे सशक्त व प्रभावी नेतृत्व के बारे में इस प्रकार की बातें नहीं करनी चाहिए। देश 2024 और 2029 में भी मोदी को प्रधानमंत्री के रूप में देखना चाहता है।

रक्षामंत्री ने कहा कि अब तक जितने प्रधानमंत्री हुए हैं सबने कुछ न कुछ काम किया है लेकिन मोदी के शासनकाल में जो तेजी देखने को मिली है वह तेजी भारत के इतिहास में देखने को नहीं मिली। मोदी के नेतृत्व में एक नये भारत का निर्माण हो रहा है। यह पुराना भारत अब नहीं रहा। जो भारत 2004 से लेकर 2014 तक धन दौलत के मामले में दुनिया के देशों में 11वें स्थान पर था, आज भारत पांचवें स्थान पर पहुंच गया है। इतना ही नहीं भारत सर्वाधिक तेजी से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था है। भारत आज विश्व की महाशक्ति बन रहा है लेकिन पाक दुनिया के सामने भीख मांग रहा है। 21वीं सदी भारत की है। यह धारणा दुनिया में बन चुकी है।

राजनाथ सिंह ने कहा कि देश का मस्तक ऊंचा होगा और भारत विश्व की महाशक्ति बनेगा। अब कमजोर भारत नहीं दुनिया का ताकतवर देश बन गया है। आज कोई देश भारत को आंख नहीं दिखा सकता। कांग्रेस के समय विदेशों से हथियार मंगाये जाते थे। आज दुनिया के देशों को हम हथियार व मिसाइल भेज रहे हैं।

विपक्ष के नेता कहते हैं मोदी संविधान बदल देंगे। आरक्षण छीन लेंगे। हम लोगों ने कभी लोकतंत्र का गला घोंटने का काम नहीं किया। देश पर आपातकाल लगाने का काम कांग्रेस ने किया।

योगी की तारीफ करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि देश व प्रदेश में भी बहुत काम हुआ है। सबसे बड़ा काम योगी ने कानून व्यवस्था को चुस्त दुरूस्त बनाने का किया है। जब तक किसी राज्य में कानून व्यवस्था ठीक नहीं होगी तब तक उस राज्य का विकास नहीं हो सकता। सपा-बसपा और कांग्रेस की सरकारों में विकास की केवल बातें होती थी लेकिन आज योगी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश का तेजी से विकास हो रहा है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि लखनऊ में जो भी विकास के कार्य हुए हैं उसका श्रेय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को जाता है। जनसभा को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने भी संबोधित किया।

हिन्दुस्थान समाचार/बृजनन्दन/आकाश

हमारे टेलीग्राम ग्रुप को ज्‍वाइन करने के लि‍ये  यहां क्‍लि‍क करें, साथ ही लेटेस्‍ट हि‍न्‍दी खबर और वाराणसी से जुड़ी जानकारी के लि‍ये हमारा ऐप डाउनलोड करने के लि‍ये  यहां क्लिक करें।

Share this story