महिलाओं की खेलों में भागीदारी व नेतृत्व को मजबूत करने पर मंथन करेगा महिला आयोग

WhatsApp Channel Join Now
महिलाओं की खेलों में भागीदारी व नेतृत्व को मजबूत करने पर मंथन करेगा महिला आयोग


नई दिल्ली, 02 नवंबर (हि.स.)। राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) खेलों में महिलाओं की भागीदारी, सुरक्षा, समानता और नेतृत्व को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मंगलवार को विज्ञान भवन में ‘खेल शक्ति: महिलाओं के लिए राष्ट्रीय परामर्श’ का आयोजन करेगा। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के सहयोग से आयोजित इस राष्ट्रीय परामर्श में महिला खिलाड़ियों के सामने आने वाली चुनौतियों पर चर्चा की जाएगी और उनके कल्याण, सुरक्षा तथा पेशेवर विकास के लिए प्रभावी उपायों पर सुझाव तैयार किए जाएंगे।

आयोग के बयान के मुताबिक

कार्यक्रम में केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल राज्यमंत्री रक्षा खडसे मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर भी कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगी।

राष्ट्रीय परामर्श में खिलाड़ी, ओलंपियन, खेल प्रशासक, प्रशिक्षक, राष्ट्रीय खेल महासंघों के प्रतिनिधि, भारतीय खेल प्राधिकरण, चिकित्सा एवं खेल विज्ञान विशेषज्ञ, शिक्षाविद, नागरिक समाज संगठनों के प्रतिनिधि और महिला खिलाड़ियों के अभिभावक हिस्सा लेंगे। विभिन्न हितधारक इन मुद्दों पर चर्चा कर व्यावहारिक और प्रभावी सुझाव प्रस्तुत करेंगे।

परामर्श के दौरान तीन व्यापक विषयों पर चर्चा होगी। इनमें महिलाओं की खेलों में भागीदारी का विस्तार और जमीनी स्तर पर खेल व्यवस्था को मजबूत करना, सुरक्षित एवं स्वस्थ खेल वातावरण सुनिश्चित करना तथा समानता, करियर की निरंतरता और खेलों में महिलाओं के नेतृत्व को बढ़ावा देना शामिल है।

चर्चा में महिला खिलाड़ियों के सामने मौजूद संस्थागत और व्यवस्थागत बाधाओं को दूर करने के साथ उनके पूरे खेल करियर के दौरान सहयोग उपलब्ध कराने पर जोर दिया जाएगा।

राष्ट्रीय महिला आयोग का उद्देश्य इस पहल के माध्यम से महिलाओं की खेलों में भागीदारी को केवल उपलब्धियों तक सीमित न रखते हुए उनके निरंतर विकास, कल्याण और संस्थागत सुधारों से जोड़ना है। आयोग ऐसी खेल व्यवस्था विकसित करने की दिशा में प्रयासरत है, जहां महिलाएं सुरक्षा, सम्मान, समान अवसर और संस्थागत सहयोग के साथ अपनी खेल आकांक्षाओं को पूरा कर सकें।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771321 Articles

Share this story