टीसीएस के नासिक केन्द्र में पोश के अनुपालन में कमी, एनसीडब्ल्यू ने लगाई फटकार

WhatsApp Channel Join Now
टीसीएस के नासिक केन्द्र में पोश के अनुपालन में कमी, एनसीडब्ल्यू ने लगाई फटकार


नई दिल्ली, 22 मई (हि.स.)। राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) ने टाटा कंसलटेंसी सर्विसेज (टीसीएस) के नासिक केंद्र में कार्यस्थल सुरक्षा और कार्यस्थल पर महिलाओं का यौन उत्पीड़न रोकथाम, निषेध और निवारण अधिनियम (पोश एक्ट) के पालन में गंभीर खामियों पर चिंता जताई है। इस मामले में आयोग ने सख्ती करते हुए कंपनी को व्यापक सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।

आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई सुनवाई में टीसीएस के वरिष्ठ अधिकारी वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए। बैठक में आयोग ने नासिक यूनिट में स्थानीय मानव संसाधन (एचआर) व्यवस्था और शिकायत निवारण तंत्र की कमी, अलग इंटरनल कमेटी का अभाव, पोश शिकायत दर्ज करने की उचित व्यवस्था न होना, सीसीटीवी सिस्टम का ठीक से काम न करना जैसे कई जुड़े मुद्दे उठाए।

आयोग ने इस बात पर भी सवाल उठाया कि मामले की गंभीरता के बावजूद कोई वरिष्ठ अधिकारी नासिक केंद्र जाकर कर्मचारियों से सीधे बातचीत करने क्यों नहीं पहुंचा।

आयोग ने कहा कि टाटा समूह देश का प्रतिष्ठित कॉरपोरेट समूह है। उससे पोश कानून का पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ पालन करने की अपेक्षा की जाती है।

आयोग ने टीसीएस को निर्देश दिया कि 10 या उससे अधिक कर्मचारियों वाले सभी 127 यूनिट्स में चार सप्ताह के भीतर अलग-अलग इंटरनल कमेटी गठित की जाएं। साथ ही व्यापक पोश प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाने, वार्षिक पोश रिपोर्ट जमा करने और अगली समीक्षा बैठक में संबंधित अधिकारियों की भौतिक उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा गया है।

सुनवाई के दौरान आयोग ने दोहराया कि पोश एक्ट पीड़ितों के मामलों को संवेदनशीलता और सहानुभूति के साथ संभाला जाना चाहिए। आयोग ने स्पष्ट किया कि आपराधिक कार्रवाई कानून के अनुसार अलग से जारी रहेगी, जबकि आयोग का मुख्य फोकस महिलाओं के लिए सुरक्षित कार्यस्थल सुनिश्चित करना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Share this story