केंद्र सरकार कानपुर में एयरोनॉटिक्स उत्कृष्टता केंद्र पर उच्चस्तरीय उद्योग परामर्श आयोजित करेगी

WhatsApp Channel Join Now

नई दिल्ली, 07 मई (हि.स.)। केंद्र सरकार 8 मई को कानपुर स्थित राष्ट्रीय कौशल प्रशिक्षण संस्थान (एनएसटीआई) में एयरोनॉटिक्स और संबद्ध क्षेत्रों के लिए राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र (एनसीओई) की स्थापना पर उच्चस्तरीय उद्योग परामर्श आयोजित करेगी। यह बैठक देश में वैश्विक प्रतिस्पर्धी एयरोस्पेस कौशल पारिस्थितिकी तंत्र विकसित करने की दिशा में अहम कदम है।

केंद्रीय कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय के अनुसार, मंत्रालय के अंतर्गत प्रशिक्षण महानिदेशालय (डीजीटी) इसका आयोजन कर रहा है। इसमें 30 से अधिक वरिष्ठ उद्योग नेता, सीईओ और नीति विशेषज्ञ शामिल होंगे। एनसीओई की स्थापना प्रधानमंत्री कौशल एवं रोजगार रूपांतरण योजना (पीएम-सेतु) के तहत की जा रही है, जिसके अंतर्गत देशभर में पांच सेक्टर-विशिष्ट उत्कृष्टता केंद्र बनाए जा रहे हैं। कानपुर के अलावा भुवनेश्वर, चेन्नई, हैदराबाद और लुधियाना में भी ऐसे केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं।

कानपुर का एनसीओई विशेष महत्व रखता है क्योंकि इसे भारत सरकार और फ्रांस सरकार के बीच हुए द्विपक्षीय समझौते के तहत विकसित किया जा रहा है। इसमें फ्रांस की एयरोनॉटिक्स विशेषज्ञता विमान डिजाइन, एयरोस्पेस मैन्युफैक्चरिंग, एमआरओ (मेंटेनेंस, रिपेयर एंड ओवरहॉल), एवियोनिक्स और संबद्ध तकनीकों को देश की तेजी से बढ़ती स्किलिंग संरचना के साथ जोड़ा जाएगा।

बैठक की अध्यक्षता मंत्रालय की सचिव देबाश्री मुखर्जी करेंगी। डीजीटी के महानिदेशक दिलीप कुमार भी इसमें शामिल होंगे। कार्यक्रम के दौरान एनएसटीआई कानपुर की मौजूदा आधारभूत संरचना और वर्कशॉप सुविधाओं का अवलोकन कराया जाएगा, साथ ही ट्रेड सेटअप्स के लाइव प्रदर्शन भी होंगे।

बैठक में एनसीओई के ढांचे, लीड इंडस्ट्री पार्टनर (एलआईपी) की भूमिका, सह-निवेश मॉडल, पाठ्यक्रम सह-विकास, प्रशिक्षक प्रशिक्षण मार्ग और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर योग्यता की मान्यता पर फोकस किया जाएगा ताकि प्रशिक्षुओं को वैश्विक गतिशीलता मिल सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Share this story