प्रधानमंत्री बुधवार को करियप्पा परेड ग्राउंड में एनसीसी पीएम रैली को करेंगे संबोधित

WhatsApp Channel Join Now
प्रधानमंत्री बुधवार को करियप्पा परेड ग्राउंड में एनसीसी पीएम रैली को करेंगे संबोधित


नई दिल्ली, 27 जनवरी (हि.स.)।प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बुधवार को दिल्ली स्थित करियप्पा परेड ग्राउंड में आयोजित वार्षिक एनसीसी पीएम रैली को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय ने मंगलवार को जारी एक बयान में यह जानकारी दी। प्रधानमंत्री दोपहर करीब 3.30 बजे रैली को संबोधित करेंगे।

बयान के अनुसार इस वर्ष राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) पीएम रैली की थीम ‘राष्ट्र प्रथम – कर्तव्यनिष्ठ युवा’ रखी गई है, जो युवाओं में कर्तव्यबोध, अनुशासन और राष्ट्रीय प्रतिबद्धता की भावना को दर्शाती है।

एनसीसी पीएम रैली एक माह तक चले एनसीसी गणतंत्र दिवस शिविर-2026 का भव्य समापन कार्यक्रम होगी। शिविर में देशभर से 2,406 एनसीसी कैडेट्स ने भाग लिया, जिनमें 898 महिला कैडेट्स शामिल हैं। इसके अलावा 21 विदेशी देशों के 207 युवा और अधिकारी भी रैली में हिस्सा लेंगे।

इस अवसर पर एनसीसी कैडेट्स के साथ राष्ट्रीय रंगशाला तथा राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के सदस्यों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे, जिनके माध्यम से राष्ट्र निर्माण, समाज सेवा और चरित्र निर्माण में युवाओं की भूमिका को प्रदर्शित किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story