बीजापुर में गिरफ्तार नक्सली की निशानदेही पर नकद राशि, हथियार और विस्फोटक बरामद

WhatsApp Channel Join Now
बीजापुर में गिरफ्तार नक्सली की निशानदेही पर नकद राशि, हथियार और विस्फोटक बरामद


बीजापुर, 29 अगस्त (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित रहे बीजापुर जिले में थाना बासागुड़ा पुलिस और डीआरजी की संयुक्त टीम शनिवार काे ग्राम पेगड़ापल्ली के जंगल क्षेत्र में सर्चिंग पर निकली थी। इस दाैरान एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया है। पुलिस की पूछताछ में गिरफ्तार संदिग्ध की पहचान नक्सली संगठन का डीएकेएमएस सदस्य बोगम लखमू के रूप में हुई। उसकी निशानदेही पर एक नक्सली डंप से पुलिस ने बड़ी मात्रा में नकदी, विस्फोटक, हथियार एवं नक्सल सामग्री बरामद किया है।

बरामद सामग्री में 50,050 रुपये नकद, एक बीजीएल लांचर, 18 बीजीएल सेल, 12 तीर बम और एक हैंड ग्रेनेड शामिल हैं। इसके अलावा सुरक्षा बलों ने .303 रायफल के 15 जिंदा राउंड, 31 बीजीएल कार्ट्रिज, एक इंसास खाली मैगजीन, बिजली के तार, तीन राउंड चार्जर और एक ईमीटर लीड भी बरामद किया है ।

पुुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गिरफ्तार संदिग्ध व्यक्ति प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) संगठन के चिन्नागेलूर डीएकेएमएस सदस्य के रूप में काम करता था, और नक्सलियों की सामग्री तथा विस्फोटक सामान को सुरक्षित स्थानों पर छिपाने का काम करता था। जिसकी पहचान बोगम लखमू पिता पाण्डू (39 वर्ष), निवासी चिन्नागेलूर, थाना तर्रेम के रूप में हुई।

गिरफ्तार बोगम लखमू के विरूद्ध कार्यवाही उपरांत आज शनिवार काे न्यायिक रिमांड पर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल दाखिल कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नक्सल नेटवर्क से जुड़े लोगों तथा उनके ठिकानों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Share this story