सुकमा में सुरक्षाबलों ने नक्सली डंप से विस्फोटक सामग्री का बड़ा जखीरा बरामद किया

WhatsApp Channel Join Now
सुकमा में सुरक्षाबलों ने नक्सली डंप से विस्फोटक सामग्री का बड़ा जखीरा बरामद किया


सुकमा, 19 अगस्त (हि.स.)। सुकमा जिले के चिंतलनार थाना क्षेत्र अंतर्गत इत्तलंका के जंगल में बुधवार को सुरक्षाबलों ने नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया विस्फोटक सामग्री का बड़ा डंप बरामद किया। बरामद सामग्री में जिलेटिन स्टिक, बीजीएल हेड, डेटोनेटर केस, मीटर कॉर्डेक्स वायर, इलेक्ट्रिक डेटोनेटर, बीजीएल प्लंजर और अन्य विस्फोटक सामग्री शामिल है। सुकमा पुलिस अधीक्षक (एसपी) मयंक गुर्जर ने बरामदगी की पुष्टि की है।

पुलिस के अनुसार, नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में लगातार एरिया डोमिनेशन और सर्च ऑपरेशन चलाए जा रहे हैं। इसी क्रम में 18 अगस्त को इत्तलंका के जंगल में नक्सलियों द्वारा सामग्री छिपाकर रखे जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर सुकमा एसपी मयंक गुर्जर, 150वीं बटालियन केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के कमांडिंग ऑफिसर राकेश चंद्र शुक्ला और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (नक्सल ऑप्स) रोहित शाह के समन्वय में संयुक्त तलाशी अभियान शुरू किया गया।

अभियान के लिए एफ/150 बटालियन सीआरपीएफ, क्यूएटी 150 बटालियन सीआरपीएफ और चिंतलनार थाना पुलिस की संयुक्त टीम को रवाना किया गया। टीम ने इत्तलंका गांव से करीब 300 मीटर दूर जंगल में संदिग्ध स्थान की घेराबंदी कर सघन तलाशी ली।

पुलिस के मुताबिक, संभावित आईईडी खतरे को देखते हुए बम डिस्पोजल स्क्वॉड (बीडीएस) की मदद से सुरक्षा मानकों के तहत तलाशी अभियान चलाया गया। इसी दौरान कपड़े में लिपटा एक संदिग्ध बैग बरामद हुआ। जांच करने पर उसमें नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखी गई विस्फोटक सामग्री और अन्य सामान मिला।

बरामद सामग्री में 25 जिलेटिन स्टिक, 16 बीजीएल हेड, 25 डेटोनेटर केस, 12 मीटर कॉर्डेक्स वायर, दो इलेक्ट्रिक डेटोनेटर, छह बीजीएल प्लंजर, पांच मीटर फ्लेक्सिबल वायर, एक चार्जिंग केबल, एक बैटरी कनेक्टर, एक बीजीएल रॉ मटेरियल, एक बेल्ट, तीन रोल वेल्क्रो और एक प्लास्टिक ड्रम शामिल हैं।

अभियान के सफलतापूर्वक पूरा होने के बाद संयुक्त टीम के सभी जवान सुरक्षित रूप से अपने कैंप लौट आए। सुरक्षाबलों ने इलाके में तलाशी और निगरानी अभियान जारी रखा है।----------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Share this story