झाबुआ: बालिकाओं को शिक्षा, सुरक्षा और समान अवसर मिले बगैर समाज का समुचित विकास संभव नहीं; शिवकुमार डावर
झाबुआ, 24 जनवरी (हि.स.)। बालिकाऐं समाज और राष्ट्र की मजबूत नींव हैं। जब तक बालिकाओं को शिक्षा, सुरक्षा और समान अवसर नहीं मिलेंगे, तब तक समाज का समुचित विकास संभव नहीं है। उक्त विचार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण झाबुआ के सचिव, न्यायाधीश शिव कुमार डावर ने राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर नालसा मानक संचालन प्रक्रिया बाल विवाह उन्मूलन, 2025 के अंतर्गत शासकीय बुनियादी कन्या हाई स्कूल झाबुआ में शनिवार को आयोजित विधिक साक्षरता शिविर की अध्यक्षता करते हुए अपने उद्बोधन में व्यक्त किए। शिविर में जिला विधिक सहायता अधिकारी जयदेव माणिक,स्कूल के शिक्षकगण एवं छात्राएं उपस्थित रहे।
शिविर में अपने उद्बोधन में शिवकुमार डावर ने कहा कि देश में आज भी बाल विवाह, लिंग-भेद एवं असमानता जैसी सामाजिक कुरीतियाँ है, जो कि चिंता का विषय हैं, इन कुरीतियों को समाप्त करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। डावर ने छात्राओं को बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, शिक्षा का अधिकार, समानता का अधिकार, महिलाओं से संबंधित विभिन्न कानूनों तथा राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित आशा जागरूकता समर्थन सहायता एवं कार्रवाई योजना की जानकारी दी।
शिविर में विशेष रूप से उपस्थित जिला विधिक सहायता अधिकारी जयदेव माणिक ने छात्राओं को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने, अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने तथा किसी भी प्रकार की समस्या होने पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण झाबुआ, नालसा हेल्पलाइन 15100 एवं चाईल्ड हेल्पलाईन नंबर 1098 से सहायता लेने के लिए प्रेरित किया। साथ ही माणिक ने पॉस्को एक्ट, गुड टच बेड टच तथा इंटरनेट के माध्यम से हो रहे अपराध का जिक्र करते हुए यह भी बताया कि और उसका किस प्रकार से निदान किया जाना चाहिए।
शिविर राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अध्यक्ष एवं प्रधान जिला न्यायाधीश विधि सक्सेना के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय बालिका दिवस के मौके पर आज शनिवार को आयोजित किया गया। आयोजित शिविर का उद्देश्य बालिकाओं को उनके कानूनी अधिकारों, सुरक्षा, शिक्षा, बाल विवाह, समानता तथा महिला एवं बाल संरक्षण से संबंधित कानूनों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. उमेश चंद्र शर्मा

