अपग्रेडेशन, अपलिफ्टमेंट और अपस्किलिंग से छोटे उद्योग बनेंगे बड़े : मधुसूदन दादू
नई दिल्ली, 21 नवंबर (हि.स.)। लघु उद्योग भारती के अखिल भारतीय अध्यक्ष मधुसूदन दादू ने शनिवार को कहा कि संगठन ‘उन्नतीकरण, उत्थान, नए तथा उन्नत कौशल सीखना‘ (अपग्रेडेशन, अपलिफ्टमेंट और अपस्किलिंग) के मंत्र से छोटे उद्योगों को बड़ा बनाने पर काम कर रहा है।
अखिल भारतीय अध्यक्ष दादू ने आज दिल्ली स्थित भारत मंडपम में लघु उद्योग भारती की ओर से आयोजित ‘नेशनल कॉन्क्लेव भारत फूड एंड एग्रो 2047’ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा, संगठन देश के 28 राज्यों में लगभग 70 हजार इकाइयों के साथ एमएसएमई क्षेत्र की सशक्त आवाज बना हुआ है। संगठन ‘उन्नतीकरण, उत्थान, नए तथा उन्नत कौशल सीखना‘ के मूल मंत्र पर काम कर रहा है, ताकि सूक्ष्म उद्यम लघु, लघु से मध्यम और मध्यम से बड़े कॉर्पोरेट के रूप में विकसित हो सकें।
उन्होंने कहा कि नीति निर्धारण और उसके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विभिन्न सरकारी विभागों और बैंकों के गवर्निंग बोर्ड में संगठन के सदस्य सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं, जिनमें पिछले दो महीनों में ही 11-12 सदस्यों को बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स में शामिल किया गया है।
दादू ने उद्योग और शिक्षा जगत (एकेडमिया-इंडस्ट्री) के बीच सेतु बनाने पर जोर देते हुए कहा कि वैज्ञानिक एवं औद्योगिक अनुसंधान परिषद
(सीएसआईआर), केंद्रीय खाद्य प्रौद्योगिकी अनुसंधान संस्थान (सीएफटीआरआई) और विभिन्न विश्वविद्यालयों के साथ एमओयू कर छोटे उद्योगों की तकनीकी समस्याओं का समाधान किया जा रहा है। साथ ही आईटीआई और राष्ट्रीय कौशल विकास निगम (एनएसडीसी) के सहयोग से कौशल विकास कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि अलग-अलग क्षेत्रों की विशिष्ट समस्याओं के समाधान के लिए संगठन ने 28 उत्पाद समूह बनाए हैं। फार्मा सेक्टर के बाद अब खाद्य एवं कृषि क्षेत्र का यह सम्मेलन उद्यमियों को प्रतिस्पर्धा के बजाय सहयोग और संपूर्ण वैल्यू चेन को समझने का मंच प्रदान कर रहा है।
संगठन के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्पाद समूह संयोजक घनश्याम ओझा ने कहा कि यह सम्मेलन खाद्य एवं कृषि विभाग की एक नई शुरुआत है। उन्होंने 2047 के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए जीडीपी में एमएसएमई का योगदान बढ़ाने, मशीनरी और कच्चे माल के लिए आयात पर निर्भरता कम करने तथा नए देशों में निर्यात की संभावनाएं तलाशने का आह्वान किया।
ओझा ने जानकारी दी कि अगले वर्ष फाउंड्री, माइनिंग, प्लास्टिक, पैकेजिंग और इलेक्ट्रॉनिक्स सहित छह अन्य क्षेत्रों के कॉन्क्लेव आयोजित किए जाएंगे, जबकि वर्ष 2028 में एक भव्य राष्ट्रीय आयोजन प्रस्तावित है।
लघु उद्योग भारती के अखिल भारतीय संयुक्त महासचिव एवं खाद्य एवं कृषि उत्पाद समूह के राष्ट्रीय सह-समन्वयक आशीष देवड़ा ने किसानों की उपज में मूल्यवर्धन, जैविक खेती और नवाचार को छोटे उद्यमों की ताकत बनाने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि कटाई के बाद होने वाले नुकसान को कम करने के लिए एआई, आधुनिक व्यापार और वैज्ञानिक भंडारण को अपनाना होगा।
इकाइयों को ‘निर्यात योग्य’ बनाने पर जोर देते हुए उन्होंने अंतरराष्ट्रीय मानकों और सर्टिफिकेशन को विश्व बाजार का पासपोर्ट बताया। उन्होंने उद्यमियों से ‘खेत से कारखाने तक और कारखाने से दुनिया तक’ के विजन के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
इस कार्यक्रम का उद्देश्य विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करना और देश के खाद्य एवं कृषि क्षेत्र को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

