राष्ट्रपति, लोकसभा अध्यक्ष और गृहमंत्री ने नव वर्ष की दी शुभकामनाएं
नई दिल्ली, 14 अप्रैल (हि.स.)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला तथा गृहमंत्री अमित शाह ने मंगलवार को देशवासियों को नव वर्ष की शुभकामनाएं दी।
राष्ट्रपति ने एक्स पर कहा, मैं बैसाखी, विशु, विषुव, बोहाग बिहू, पोइला बैसाख, मेषादी, वैशाखादि और पुथांडु के शुभ अवसर पर भारत और विदेश में रह रहे सभी देशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं देती हूं।
ओम बिरला ने कहा कि बैसाखी, बोहाग बिहू, मेषादी पुथांडु (तमिल नव वर्ष), विशु (केरल नव वर्ष), पाना संक्रांति (ओडिया नव वर्ष) और चीराओबा त्योहार 'एक भारत - श्रेष्ठ भारत' की भावना को दर्शाते हैं और हमारी समृद्ध विविधता में एकता के बंधन को मजबूत करते हैं। ये आनंदमय अवसर हर घर में शांति, समृद्धि और नई आशा लेकर आएं।
अमित शाह ने कहा कि प्रभु जगन्नाथ का आशीर्वाद आप सभी को सुख और अच्छे स्वास्थ्य प्रदान करे। नव वर्ष के इस उमंग भरे उत्सव से संस्कृति के साथ हमारा बंधन और गहरा हो, सामाजिक एकता मजबूत हो और सभी को सुख-समृद्धि, समृद्धि और आनंद प्राप्त हो।
केन्द्रीय सड़क, परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि यह शुभ अवसर आपके जीवन के हर पहलू में नई ऊर्जा, विकास और स्थायी सुख लाए।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि यह त्यौहार आपके जीवन में ढेर सारी खुशियां और समृद्धि लेकर आए।
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि यह पावन पर्व सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और खुशहाली लेकर आए, ऐसी कामना करता हूं। पुथांडु के अवसर पर सभी तमिल बहनों और भाइयों को हार्दिक शुभकामनाएं। आने वाला वर्ष आप सभी को शांति, प्रगति और सौभाग्य से परिपूर्ण करे। परिवार के साथ आनंदमय उत्सव मनाएं और आने वाला वर्ष खुशियों से भरा हो।
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि देश के विभिन्न हिस्सों में नव वर्ष के आगमन का प्रतीक ये त्यौहार नई आशा, सकारात्मकता और नई शुरुआत की भावना लेकर आते हैं। ईश्वर करे ये त्यौहार हर घर को खुशियों से भर दें, समृद्धि लाएं और सभी के बीच एकता और सद्भाव के बंधन को मजबूत करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

