उपराष्ट्रपति, लोकसभा अध्यक्ष समेत कई नेताओं ने शहीद दिवस पर श्रद्धांजलि दी
नई दिल्ली, 23 मार्च (हि.स.)। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और गृहमंत्री अमित शाह समेत कई नेताओं ने सोमवार को शहीद दिवस पर भगत सिंह, राजगुरु तथा सुखदेव को श्रद्धांजलि अर्पित की।
उप राष्ट्रपति ने एक्स पर लिखा, “भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव के शहादत दिवस पर मैं स्वतंत्रता संग्राम के इन अमर नायकों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। राष्ट्र के प्रति उनके अदम्य साहस, दृढ़ संकल्प और सर्वोच्च बलिदान देशभक्ति और निःस्वार्थ सेवा के सर्वोच्च आदर्शों का प्रतीक हैं। उनकी विरासत पीढ़ियों को न्याय, स्वतंत्रता और राष्ट्रीय एकता के मूल्यों को कायम रखने के लिए प्रेरित करती रहेगी। आज के दिन, आइए हम एक सशक्त, समावेशी और प्रगतिशील भारत के निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराते हुए इन महान स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित करें।”
ओम बिरला ने कहा कि उनका जज़्बा और आदर्श आज भी हर भारतीय के हृदय में राष्ट्रसेवा की प्रेरणा जगाते हैं। मातृभूमि के प्रति यह समर्पण सदैव हमारे लिए प्रेरक रहेगा।
अमित शाह ने कहा कि भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव ने अपने विचार और व्यवहार दोनों से मातृभूमि की आजादी के लिए युवाओं को प्रेरित किया। इन वीरों के पराक्रम की गूंज ने पूरी अंग्रेजी हुकूमत को भयभीत कर दिया। मातृभूमि की आजादी के लिए फाँसी के फंदे पर झूल जाने वाले इन वीरों की वीरगाथा का स्मरण कर रोम-रोम राष्ट्रभक्ति से भर उठता है।
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि मातृभूमि के लिए अपना सर्वस्व अर्पण करने वाले महान क्रांतिकारी भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरू के बलिदान दिवस पर उन्हें कोटि-कोटि नमन।
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा उनका अद्वितीय साहस, त्याग और समर्पण सदैव हमें प्रेरित करता रहेगा। कृतज्ञ राष्ट्र उनके बलिदान का सदैव ऋणी रहेगा।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि देश के लिए बेखौफ लड़ते हुए उनका संघर्ष और सर्वोच्च बलिदान हर भारतवासी के लिए प्रेरणास्रोत है।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

