राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने पार्श्व गायिका आशा भोसले के निधन पर जताया शोक

WhatsApp Channel Join Now
राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने पार्श्व गायिका आशा भोसले के निधन पर जताया शोक


राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने पार्श्व गायिका आशा भोसले के निधन पर जताया शोक


नई दिल्ली, 12 अप्रैल (हि.स.)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी समेत कई नेताओं ने रविवार को दिग्गज पार्श्व गायिका आशा भोसले के निधन पर शोक जताया।

राष्ट्रपति ने एक्स पर कहा, आशा भोसले के निधन से संगीत जगत में एक गहरा शून्य उत्पन्न हो गया है। एक प्रतिष्ठित गायिका के रूप में उनके शानदार करियर ने भारत में संगीत के एक युग को परिभाषित किया है। मुझे उनसे व्यक्तिगत रूप से हुई मुलाकातों की सुखद यादें हैं। अपनी मधुर और सदाबहार आवाज से उन्होंने दशकों तक भारतीय संगीत को समृद्ध किया। उनका संगीत अमर रहेगा। उनका निधन संगीत प्रेमियों के लिए एक अपूरणीय क्षति है।

उपराष्ट्रपति ने कहा कि आशा भोसले की बेमिसाल आवाज और संगीत की विरासत लाखों लोगों के दिलों में गूंजती रहेगी और आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि आशा भोसले ने हिंदी, मराठी के साथ कई भाषाओं में गायन कर भारतीय गीत-संगीत और सिनेमा को विश्व मंच पर प्रतिष्ठित किया। उनका देहावसान भारतीय कला-संगीत जगत के लिए गहरी क्षति है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आशा भोसले के निधन से अत्यंत दुखी हूं। दशकों तक फैले उनके असाधारण संगीतमय सफर ने हमारी सांस्कृतिक विरासत को समृद्ध किया और दुनिया भर में अनगिनत दिलों को छुआ। उनके साथ बिताए पलों को मैं हमेशा संजो कर रखूंगा।

गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि आशा भोसले ने न सिर्फ अपनी मधुर आवाज और अद्वितीय प्रतिभा से एक अलग पहचान बनाई बल्कि अपने सुरों से भारतीय संगीत को भी और अधिक समृद्ध किया। हर तरह के संगीत में ढल जाने की उनकी अनोखी प्रतिभा हर व्यक्ति का दिल जीत लेती थी। अपनी आवाज से करोड़ों दिलों को छूने वालीं आशा जी ने हिंदी, मराठी, बांग्ला, तमिल, गुजराती सहित अनेक भाषाओं के साथ-साथ लोकगीतों में भी अमिट छाप छोड़ी।

केंद्रीय सड़क, परिवहन एवम राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि भारतीय संगीत जगत की अजरामर आवाज़ आशा भोसले जी को भावभीनी श्रद्धांजलि!

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि आशा भोसले के निधन से पार्श्व गायन के एक युग का अंत हो गया। बहुमुखी प्रतिभा और गरिमा की प्रतीक, उनकी अनूठी गायन शैली को दुनिया भर में लाखों लोगों ने सराहा। पद्म विभूषण से सम्मानित, वह आज भी सबसे अधिक गाने वाली कलाकारों में से एक हैं।

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गाँधी ने कहा कि आवाज़ के माध्यम से आशा भोसले की कला सदा हमारे बीच अमर रहेगी। इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके शोकाकुल प्रियजनों और प्रशंसकों के साथ है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Share this story