बंगाल विधानसभा उपचुनाव : नंदीग्राम और रेजीनगर में मतदान के दौरान भारी तनाव, विधायक हुमायूं कबीर और कांग्रेस नेता गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
बंगाल विधानसभा उपचुनाव : नंदीग्राम और रेजीनगर में मतदान के दौरान भारी तनाव, विधायक हुमायूं कबीर और कांग्रेस नेता गिरफ्तार


कोलकाता, 06 अक्टूबर (हि.स.)। पश्चिम बंगाल की दो बेहद संवेदनशील विधानसभा सीटों पूर्व मेदिनीपुर की नंदीग्राम और मुर्शिदाबाद की रेजीनगर के उपचुनाव के तहत मंगलवार सुबह सात बजे से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान जारी है। मतदान शुरू होते ही दोनों क्षेत्रों से तीखे राजनीतिक टकराव, झड़प, नेताओं की गिरफ्तारी और पुलिस-प्रशासन पर गंभीर आरोप सामने आने लगे हैं। रेजीनगर में पुलिस कार्य में बाधा डालने और आचार संहिता के उल्लंघन के आरोप में आम जनता उन्नयन पार्टी (एजेयूपी) के प्रमुख व नाओदा के विधायक हुमायूं कबीर को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि नंदीग्राम में शांति भंग करने के आरोप में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष को हिरासत में लिया गया है।

रेजीनगर में मतदान के शुरुआती घंटों से ही भारी तनाव देखा गया। आम जनता उन्नयन पार्टी के प्रमुख हुमायूं कबीर सुबह-सुबह मतदान करने पहुंचे और उन्होंने भाजपा पर बूथ स्तर पर बाधा डालने और वोट लूटने का सीधा आरोप लगाया। मतदान केंद्र के बाहर पुलिसकर्मियों के साथ उनकी तीखी बहस और धक्का-मुक्की हुई। उन पर पुलिसकर्मियों को धमकाने का भी आरोप लगा। बेलडांगा के अनुमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) आनंदजीत होर ने बताया कि चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन करने और पुलिस के सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में रेजीनगर थाने की पुलिस ने हुमायूं कबीर को औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया है।

इसके अलावा रेजीनगर में वाममोर्चा और कांग्रेस ने पुलिस पर पक्षपातपूर्ण व्यवहार का आरोप लगाया है। आरोप है कि दादपुर अंचल के मोरादीघी स्थित बूथ संख्या 112, 113, 114 व 122 और काशीपुर ग्राम पंचायत के बूथ 99 व 100 पर पुलिस ने कांग्रेस और वाममोर्चा के पोलिंग एजेंटों को बैठने से रोका। मिर्जापुर खागड़ूपाड़ा प्राथमिक विद्यालय (बूथ 85 और 86) पर मीडियाकर्मियों को चुनाव आयोग का अधिकृत पास दिखाने के बावजूद कवरेज से रोके जाने की भी शिकायत दर्ज कराई गई है।

नंदीग्राम में सीपीआई एजेंट लहूलुहान

नंदीग्राम विधानसभा क्षेत्र में भी छिटपुट हिंसा और तनाव की घटनाएं सामने आई हैं। सरबेड़िया के बूथ संख्या 212 पर भाकपा (सीपीआई) उम्मीदवार के चुनाव एजेंट शेख सद्दाम हुसैन पर जानलेवा हमला किया गया। सद्दाम हुसैन पूर्व विधायक मोहम्मद इलियास के पुत्र हैं। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उन्हें नंदीग्राम सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

दूसरी ओर, क्षेत्र में अशांति फैलाने और माहौल बिगाड़ने के आरोप में पुलिस ने नंदीग्राम-1 कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष शेख असाफुलतुल्ला को हिरासत में लेकर नंदीग्राम थाने ले जाया गया। इससे पहले सुबह कांग्रेस प्रत्याशी मिलन प्रधान ने सोनाचूड़ा गांगड़ा प्राथमिक विद्यालय के बूथ संख्या 280 पर अपनी पत्नी अर्पिता प्रधान के साथ मतदान किया और मतदाताओं से निडर होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की। केंद्रामारी अंचल के हुसैनपुर बूथ संख्या 118 सहित कई अल्पसंख्यक बहुल बूथों पर मतदाताओं की लंबी कतारें देखी गईं, जहां दुकानों के बाहर अवैध जमावड़े को केंद्रीय बलों ने लाठी फटकार कर हटाया।

कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान जारीः शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए चुनाव आयोग ने अभूतपूर्व सुरक्षा प्रबंध किए हैं। नंदिग्राम में 37 कंपनी और रेजीनगर में 34 कंपनी केंद्रीय अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है। मतदान शुरू होने से कुछ घंटे पहले ही आयोग ने नंदिग्राम थाने के प्रभारी अजय कुमार मिश्रा को पद से हटाकर नए अधिकारी को कमान सौंपी थी।

आंकड़ों के अनुसार, नंदीग्राम में कुल मतदाताओं की संख्या 2,66,419 है, जिसमें 1,38,955 पुरुष, 1,27,463 महिलाएं और एक तृतीय लिंग का मतदाता शामिल है। वहीं रेजीनगर में कुल मतदाताओं की संख्या 2,56,564 है, जिसमें 1,33,925 पुरुष, 1,22,616 महिलाएं और पांच तृतीय लिंग के मतदाता पंजीकृत हैं।

दरअसल पश्चिम बंगाल की इन दो सीटों के अलावा मंगलवार को तीन राज्यों की कुल पांच विधानसभा सीटों और एक लोकसभा सीट पर भी उपचुनाव हो रहे हैं। इनमें तमिलनाडु की धारापुरम और मदुरंतकम तथा पुडुचेरी की थट्टांचावडी विधानसभा सीट शामिल हैं। इसके साथ ही असम की नगांव संसदीय सीट पर भी कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान चल रहा है। शाम छह बजे तक मतदान की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

Share this story