राष्ट्रपति व अन्य ने अभिनेता नाना पाटेकर के निधन पर दुख जताया

WhatsApp Channel Join Now
राष्ट्रपति व अन्य ने अभिनेता नाना पाटेकर के निधन पर दुख जताया


नई दिल्ली, 08 अक्टूबर (हि.स.)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और रक्षामंत्री राजनाथ सिंह समेत कई नेताओं ने गुरुवार को बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया।

राष्ट्रपति मुर्मु ने एक्स पर लिखा, दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर के निधन से गहरा दुख हुआ है। अपनी दमदार और दिल को छू लेने वाली अदाकारी से उन्होंने इंसानी अनुभवों की एक विस्तृत श्रृंखला को जीवंत किया। उन्होंने ऐसे किरदार निभाए जिन्होंने लोगों के दिलों और दिमाग पर गहरी छाप छोड़ी। समाज सेवा के प्रति उनका समर्पण वंचितों के प्रति उनकी चिंता को दर्शाता था। उनका निधन भारतीय सिनेमा के लिए एक बड़ी क्षति है। मैं उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करती हूं।

ओम बिरला ने कहा कि अभिनय नाना पाटेकर के लिए केवल किरदार निभाना नहीं, बल्कि उसे पूरी शिद्दत से जीना था। उनकी दमदार आवाज़, संवाद अदायगी और चेहरे के भाव हर भूमिका में जान डाल देते थे। गंभीर और संवेदनशील किरदारों से लेकर हास्य से भरपूर भूमिकाओं तक, उन्होंने हर किरदार को अपनी खास पहचान दी। उनका सशक्त अभिनय और सिनेमा में दिया योगदान सदैव याद किया जाएगा। उनका निधन सिनेमा जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और उनके परिवार, मित्रों तथा असंख्य प्रशंसकों को इस दुःख को सहने की शक्ति दें।

राजनाथ सिंह ने कहा कि नाना पाटेकर सिर्फ़ एक अभिनेता नहीं थे। वे अपने आप में एक संस्था थे। 'अंकुश', 'प्रहार' और 'क्रांतिवीर' जैसी फिल्मों में नाना पाटेकर ने एक ऐसा कच्चापन और गंभीरता दिखाई जिसने हर किरदार को यादगार बना दिया। उनकी आवाज, उनकी मौजूदगी और बिल्कुल अलग-अलग तरह के किरदारों में ढल जाने की उनकी क्षमता उन्हें सचमुच अद्वितीय बनाती थी। भारतीय सिनेमा में उनका उल्लेखनीय योगदान पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा।

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा कि पांच दशकों तक नाना पाटेकर ने अपने सहज अभिनय और सशक्त संवाद अदायगी से दर्शकों के मन पर अमिट छाप छोड़ी। गंभीर सामाजिक विषय हों या हास्य-व्यंग्य, उन्होंने जिस किरदार को निभाया, उसे जीवंत बना दिया। 'नाम फाउंडेशन' के माध्यम से सूखे से जूझ रहे किसान परिवारों की सेवा हो या सीमा पर जाकर जवानों का हौसला बढ़ाना, वे ख्याति के शिखर पर पहुंचकर भी अपनी मिट्टी से जुड़े रहे। जब भी उनसे मिलना हुआ, उनकी सरलता व स्पष्टवादिता ने सदैव प्रभावित किया। ईश्वर शोकाकुल परिजनों व प्रशंसकों को यह दु:ख सहने की शक्ति प्रदान करें।

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि नाना पाटेकर की आवाज, बोलने का अंदाज और चेहरे के भाव सीधे दिल तक पहुंचते थे। कभी क्रांतिवीर और परिंदा जैसी फिल्मों में गंभीरता से झकझोरते थे, तो वेलकम के उदय शेट्टी बनकर खूब हंसाते-गुदगुदाते थे। एक ही कलाकार में इतनी गहराई और हास्य-विनोद था। उनकी फिल्में और किरदार लंबे समय तक हमेशा सभी की यादों में रहेंगे।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि अपने सहज और प्रभावशाली अभिनय से नाना पाटेकर ने हिंदी एवं मराठी सिनेमा में ऐसी छाप छोड़ी, जिसमें हर किरदार अपनी अलग पहचान के साथ दर्शकों के मन में उतर गया। उनका अभिनय आने वाले समय में भी सिनेमा प्रेमियों को उनकी याद दिलाता रहेगा।

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि भारतीय सिनेमा में नाना पाटेकर के शानदार अभिनय, उनके विशाल और बहुमुखी योगदान तथा किसानों और वंचितों के प्रति उनकी संवेदना को हमेशा याद किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Share this story